दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीनों ने दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखें थे. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
दिल्ली के दो मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने का मामला सामने आया है.अब इस मामले में पुलिस की स्पेशल सेल ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) और खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी सुमीत उर्फ रफ्तार (30), पंजाब के गुरदासपुर निवासी सुमित कुमार उर्फ काका (22) और पंजाब के होशियारपुर निवासी गुरप्रीत (22) के रूप में हुई है.
मेट्रो स्टेशन पर लिखें मिले थे नारे
पुलिस के मुताबिक 29 अक्टूबर 2026 को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास फर्श पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हुए मिले थे. इसके अगले दिन 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 की सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर भी इसी तरह के नारे लिखे हुए मिले थे. इन नारों में SFJ और खालिस्तान का समर्थन किया गया था. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने जांच शुरू की.
पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी
स्पेशल सेल की टीम ने CCTV फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की. इसके बाद पहले सुमीत को गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ में पंजाब के दो अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई. पुलिस ने उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने दोनों मेट्रो स्टेशनों पर नारे लिखने की बात कबूल की है.
ऐप डाउनलोड करके सम्पर्क में आया
पुलिस ने बतया कि सुमित कुमार उर्फ काका इस साजिश का मुख्य सूत्रधार था. वह पंजाब में SFJ और खालिस्तान समर्थक विचारधारा से जुड़े लोगों के संपर्क में आया था. उसे एक सहयोगी ने एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा था. इसके बाद इस ऐप के जरिए SFJ से जुड़े एक शख्स ने उसे मेट्रो स्टेशनों पर लिखे जाने वाले नारों के डिजाइन भेजे और इसके बदले मोटी रकम देने का लालच दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद सुमित ने अपने परिचित सुमीत उर्फ रफ्तार और गुरप्रीत को भी इस काम में शामिल कर लिया.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी 28 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे थे. सुमीत उर्फ रफ्तार ने जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पर नारे लिखे और इसका वीडियो बनाकर अपने हैंडलर्स को भेज दिया. वहीं, सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत ने शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर नारे लिखे. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सुमित ने 30 अक्टूबर को समयपुर बादली थाना क्षेत्र में GTK बाईपास के पास भी खालिस्तान समर्थक नारे लिखे थे. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है.
