दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ कॉन्सर्ट को लेकर भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है. इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने विशेष इंतजाम किए हैं. जानकारी के मुताबिक 30 अक्टूबर को इस कार्यक्रम के कारण सभी मेट्रो लाइनों पर रात 12 बजे तक सेवाएं जारी रहेंगी.
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम कर दिए हैं. 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के चलते दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर रात 12 बजे तक ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. हालांकि, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो पर यह सुविधा लागू नहीं होगी.
भीड़ संभालने को चलेंगी अतिरिक्त ट्रिप
दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, कॉन्सर्ट में करीब 70 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. इनमें से बड़ी संख्या में लोग मेट्रो से सफर कर सकते हैं. इसे देखते हुए सामान्य परिचालन समय के बाद भी ट्रेन सेवाएं जारी रखने का फैसला किया गया है. वहीं इसके अलावा, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूरे मेट्रो नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप भी चलाई जाएंगी. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए स्टैंडबाय ट्रेनें भी तैयार रखी जाएंगी.
तैनात रहेगा अतिरिक्त स्टाफ
आपको बता दें कि कॉन्सर्ट स्थल के सबसे नजदीक वायलेट लाइन का जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन है. यहां यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर भी अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती रहेगी, यह स्टॉफ यात्रियों को सही दिशा में जाने और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद करेगा.
सुरक्षा व्यवस्था को भी रखा जायेगा मज़बूत
आपको बता दें कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे. प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और सुरक्षा जांच की अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी. वहीं इसके अलावा, ग्राहक सेवा कर्मचारियों और कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंटों की तैनाती भी बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी न हो.
