दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इन आतंकियों के निशाने पर ऐतिहासिक मंदिर के साथ हरियाणा का सैन्य कैंप था.

पुलिस ने गिरफ्तार किए 9 आतंकी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों से की गई पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं. इन गुर्गों से पूछताछ में स्पेशल सेल को पता लगा कि दिल्ली का एक बेहद ऐतिहासिक मंदिर और हरियाणा का सैन्य कैंप इन आतंकियों ने अपने निशाने पर बना रखा था.
पूछताछ में बड़े खुलासे
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 गुर्गों को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद इन गुर्गों से लगातार पूछताछ हो रही है. पूछताछ के दौरान सामने आया है कि मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी भी की थी. आरोपी ने मंदिर परिसर की तस्वीरें और उसकी वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजी थीं.
मंदिर पर करने वाले थे हमला
जानकारी के मुताबिक यह मॉड्यूल पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर एक प्रसिद्ध मंदिर में हमला करने की साजिश रच रहा था. पूछताछ में सामने आया है कि ये आतंकी मंदिर की सुरक्षा में तैनात अर्धसैनिक बल और पुलिसकर्मियों के ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर तबाही मचाने की पूरी तैयारी में थे. दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिर के साथ ही इन आतंकियों के निशाने पर हरियाणा का एक ढाबा भी था.
ढाबे और सैन्य कैंप पर हमले की तैयारी
मामले की जांच में सामने आया है कि इन आतंकियों के निशाने पर दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर मौजूद एक मशहूर ढाबा भी था. आतंकी इस ढाबे पर हैंड ग्रेनेड से हमला करके बड़ी संख्या में लोगों की जान लेने की तैयारी में थे. इसी के साथ आतंकियों ने हरियाणा के हिसार में मौजूद सैन्य कैंप पर भी हमले की तैयारी की थी. आरोपियों ने कैंप की रेकी करके उसके वीडियो पाकिस्तान में भेजे थे. फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़े ऑपरेशन के तहत 9 गुर्गों को गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में नया मोड़! फर्जी निकला बाइक का पता; छापेमारी में पुलिस रह गई हैरान
