कांग्रेस और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई. कांस्टेबल अंकित कसाना ने बताया की उन्हें 40-50 लोगों की भीड़ ने घेर लिया और गली देने के साथ ही धक्का-मुक्की करके मारपीट की गई. अब पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है.
राजधानी दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट की गई. इस मामले के सामने आने के बाद हलचल तेज हो गई है. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कांस्टेबल अंकित कसाना के साथ मारपीट की गई. कांस्टेबल का दावा है कि भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करके मारपीट की. इस दौरान उनकी उंगली पर काटने और चेहरे व शरीर पर नाखून से खरोंच आने की बात सामने आई है. घटना के बाद घायल कांस्टेबल को नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों ने संभाला और इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा.
कांस्टेबल ने सुनाई आपबीती
कांस्टेबल अंकित कसाना ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि वह प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान करीब 40 से 50 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. अंकित के मुताबिक घटना के दौरान उनके शरीर पर खरोंच आई और उंगली पर काटने का निशान भी लगा.
DCP ने कार से भेजा अस्पताल
इस घटना के बाद घायल कांस्टेबल को पुलिसकर्मियों ने मौके पर संभाला. मामले से वायरल हुई वीडियो में DCP को घायल कांस्टेबल को शांत कराते और गले लगाते हुए देखा गया. इसके बाद उन्हें अपनी कार से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. कांस्टेबल ने अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि वह घटना के बाद काफी डरे हुए हैं और उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा की भी चिंता है. उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सरकार से ध्यान देने की अपील भी की है.
पुलिस ने शुरू की वीडियो की जांच
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं. दिल्ली पुलिस अब इन सभी वीडियो की जांच कर रही है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. जानकारी के मुताबिक़ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने समेत BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी.
हिरासत में लिए कई प्रदर्शनकारी
आपको बता दें कि बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कांग्रेस और विपक्षी नेताओं को पुलिस ने रोक दिया था. इसके बाद मौके पर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी हुई. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को बसों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया.
