देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार रात तुर्कमान गेट इलाके में मस्जिद के पास अवैध निर्माण को हटाने के लिए पुलिस और MCD के अधिकारियों ने कार्रवाई की. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ ने पुलिसकर्मियों के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी. अब इस मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम भी सामने आ रहा है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्रवाई के दौरान सपा सांसद वहां पर मौजूद थे और पुलिस के साथ में उनकी बहस भी हुई थी.
सपा सांसद का नाम सामने आया
राजधानी दिल्ली में तुर्कमान गेट इलाके में हुए विवाद में अब समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आ रहा है. जानकारियों और रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना के समय में सपा सांसद नहीं मौजूद थे और पुलिस के साथ में उनकी बहस भी हुई थी. अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सपा सांसद नजर आ रहे हैं. यह वीडियो रात के लगभग 1:30 बजे के आस-पास का बताया जा रहा है.
टाली जा सकती थी यह कार्रवाई
समाजवादी पार्टी से सांसद नदवी ने एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि हम वहां पर लोगों से अपील करने गए थे कि कोई भी नाखुशगवार वाकया ना पेशा आए. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में यह कार्रवाई की गई, जब भयंकर सर्दी की रात होती है और प्रशासन अपने लोगों के लिए रैन बसेरे का इंतजाम कर रहा है. उन्होंने कहा कि MCD के पास अभी भी समय था कि इस कार्रवाई को टाला जा सकता था.
मौके पर क्यों पहुंचे सपा सांसद?
कार्रवाई के दौरान वहां पहुंचने के सवाल पर नदवी ने कहा कि मैं मौके पर इसलिए गया था, जिससे लोग गुस्से में ना आएं. उन्होंने कहा कि लोगों को भरोसे में लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपनी ईमानदारी के साथ में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करना चाहिए कि भेदभाव करके इस तरह की कार्रवाई की जाए और लोगों को सड़कों पर ला दिया जाए.
12 फरवरी तक टाली जा सकती थी कार्रवाई- सपा सांसद नदवी
समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि इस मामले में 3 महीने का प्रोवीजन था और मामला कोर्ट में लंबित है. सपा सांसद ने कहा कि इस बुलडोजर कार्रवाई को 12 फरवरी तक टाला भी जा सकता था. उन्होंने कहा कि अगर सभी काम सही तरीके से किए जाते, तो किसी भी तरह से कुछ बवाल नहीं होता. उन्होंने कहा कि अगर मस्जिद होती है, तो प्रशासन को रात में भी एक्शन लेना बेहद जरूरी हो जाता है. मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि अगर बात मुसलमानों की होती है, तो कार्रवाई करना बेहद जरूरी हो जाता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मस्जिद के पास आधी रात में हुआ बवाल, पुलिस के ऊपर हुई पत्थरबाजी, बॉडी कैम से हो रही आरोपियों की पहचान
