Delhi news: राजधानी दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में एक व्यापारी से सरेआम लुटेरों ने 25 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया है. व्यापारी शाम के समय अपने घर वापस लौट रहा था, इसी दौरान इस लूट को अंजाम दिया गया.

दिल्ली में लुटेरों के हौसले बुलंद
राजधानी दिल्ली में लुटेरों के हौसले काफी बुलंद हैं. लुटेरों को पुलिस और कानून का बिल्कुल भी खौफ नहीं रह गया है. हाल ही में उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस से एक नया मामला सामने आया है. यहां बाइक सवार 2 बदमाशों ने बीच सड़क पर एक व्यापारी को अपना निशाना बनाया है. लुटेरों ने व्यापारी से सड़क पर ही 25 लाख रुपए की लूट की और फरार हो गए.
घर वापस लौट रहा था व्यापारी
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. पीड़ित व्यापारी की पहचान पुरानी सब्जी मंडी इलाके के रहने वाले 47 साल के मंगल सेन के रूप में हुई है. व्यापारी सुभाष प्लेस में मौजूद एक प्राइवेट फर्म से जुड़ा हुआ है. शुक्रवार को वह कूचा महाजनी से अपना काम निपटाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उन्हें 2 बदमाशों ने घेर लिया.
व्यापारी के आगे लगा दी बाइक
आपको बता दें कि जिस समय बदमाशों ने मंगल सेन को रोका, उस दौरान व्यापारी के पास 25 लाख रुपए मौजूद थे. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से ही उनकी छानबीन कर रखी थी. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि बदमाशों ने व्यापारी के आगे अचानक से अपनी बाइक लगा दी और जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने उनसे रुपयों का बैग छीन लिया.
पुलिस कर रही मामले की छानबीन
बैग छीनने पर जब मंगल सेन ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और तुरंत ही फरार हो गए. घटना के बाद तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई, तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले में जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- सेना की वर्दी छोड़ अब ओटीटी पर ‘मेजर’ खुशबू पाटनी का धमाका! दिशा पाटनी की बहन के इस नए अवतार ने उड़ाई फैंस की नींद
