राजधानी दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दूसरे राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जाएगी. इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 1.5 लाख वाहन प्रभावित हो सकते हैं. यहां से हर रोज बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जाते हैं.
दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान प्रदूषण भी बढ़ता है. अब बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वाहनों पर सख्ती की जा रही है. अब इसी कारण 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली में दूसरे राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू करने की बात की गई है. जानकारी के मुताबिक़ इस फैसले का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा से रोजाना दिल्ली जाने वाले 1.5 लाख से अधिक वाहन चालकों पर पड़ सकता है. गौतम बुद्ध नगर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नंद कुमार ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
दूसरे राज्यों के वाहनों पर लगेगी रोक
परिवहन विभाग के मुताबिक, यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों और दिल्ली सरकार की अधिसूचना के तहत उठाया जा रहा है. इस कदम के अंतर्गत दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-4 और उससे नीचे के उत्सर्जन मानक वाले व्यावसायिक मालवाहक और यात्री वाहनों को प्रवेश की परमिशन नहीं होगी. इसके अलावा, दूसरे राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 निजी दोपहिया और चारपहिया वाहन भी प्रतिबंध के दायरे में आएंगे. टैक्सी चालकों को भी अपने वाहन के उत्सर्जन मानक की जांच करनी होगी. आपको बता दें कि यह प्रतिबंध 1 नवंबर से 31 जनवरी तक लागू रहने की जानकारी दी गई है.
कुछ वाहनों को मिलेगी छूट
निर्देशों के मुताबिक, कुछ श्रेणियों के वाहनों को ही दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होगी. इनमें BS6 मानक वाले पेट्रोल और डीजल वाहन, CNG और LNG से चलने वाले वाहन व इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं. इसलिए नोएडा या ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले अपने वाहन का उत्सर्जन मानक और लागू नियम जरूर जांच लेना चाहिए. इनमें खासकर पुराने निजी वाहन और व्यावसायिक गाड़ी चलाने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
जानकारी के मुताबिक़ प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहन के दिल्ली में प्रवेश करने पर चालान समेत दंडात्मक कार्रवाई हो सकती है. हालांकि, वाहन चालकों को नियमों के तहत लागू छूट और अपने वाहन की श्रेणी की पुष्टि आधिकारिक निर्देशों से करनी चाहिए.
हर रोज बड़ी संख्या में जाते लोग
आपको बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा से बड़ी संख्या में लोग नौकरी, कारोबार और अन्य कामों के लिए हर रोज दिल्ली आते-जाते हैं. प्रतिबंध लागू होने पर पुराने वाहनों से सफर करने वालों को परेशानी हो सकती है. ऐसे लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन विकल्प बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं. वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने से पहले अपने वाहन के दस्तावेज और उत्सर्जन मानक की अच्छे से जांच कर लें, जिससे रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो.
