राजधानी में पुलिस ने हत्या के आरोप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों में दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी शामिल है. पुलिस ने शादी के फंक्शन के बाद गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
हत्या के मामले में हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
राजधानी में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दिल्ली पुलिस का एक हेड कांटेबल भी शामिल है. तीनों आरोपियों को नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद इलाके में शादी समारोह में हुए झगड़े के बाद में एक व्यक्ति को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक तीनों आरोपी 30 साल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने में शामिल थे. आरोपी हेड कांस्टेबल की पहचान परवेश के रूप में की गई है.
वजीराबाद में हुई थी घटना
बताया जा रहा है कि आरोपी हेड कांस्टेबल परवेश भजनपुरा में नॉर्थईस्ट सर्कल में ट्रैफिक यूनिट में तैनात था और वह साल 2008 में फोर्स में भर्ती हुआ था. आपको बता दें कि वजीराबाद पुलिस को जानकारी मिली थी कि गोली लगने के कारण एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे मृत घोषित किया गया है. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वागपत निवासी आशीष के रूप में की गई है. आशीष को उसका छोटा भाई अनुज वहां लेकर पहुंचा था.
आरोपी को पत्नी के साथ अफेयर का था शक
मामले में अनुज ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई और दूसरे जान-पहचान वाले लोगों के साथ में एक पड़ोसी की शादी में शामिल होने के लिए आया था. जानकारी के मुताबिक आशीष एनफोर्समेंट डिपार्टमेंट में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के तौर पर काम करता था. अनुज ने बताया कि परवेश उसी के गांव का रहने वाला है. परवेश को शक था कि आशीष के साथ में उसकी पत्नी का अफेयर चल रहा है.
सीने में मारी थी गोली
परवेश के इसी शक के चलते दोनों के बीच दुश्मनी चल रही थी. अनुज ने बताया कि 3-4 पहले महीनों पहले परवेश ने इस मामले को लेकर आशीष के पिता से भी शिकायत की थी, हालांकि उस समय पर मामले को सुलझा लिया गया था, लेकिन उसके बाद परवेश लगातार आशीष को धमकाता रहा. मृतक के भाई अनुज ने आरोप लगाया कि शादी के बाद जब वे गांव जा रहे थे, तो उसी दौरान परवेश और उसके साथियों ने दोनों भाइयों को रोक लिया. आरोपियों ने पिस्तौल के बट से आशीष के ऊपर हमला किया और उसके सीने में गोली मार दी. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
यह भी पढ़ें- राजधानी में दर्दनाक हादसा! स्कूल के गार्ड रूम में जलकर हुई वॉचमैन की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस
