देवरिया में महिला शिक्षिका की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस घटना को लेकर स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि शिक्षिका आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी. इसी बात पर विवाद के बाद आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में महिला शिक्षिका की हत्या करके शव को फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है. मृतका की पहचान गोरखपुर जिले की रहने वाली रानी विश्वकर्मा (26) के रूप में हुई थी. आपको बता दें कि वह आरोपी के स्कूल में शिक्षिका थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी और शिक्षिका के बीच नजदीकी संबंध थे. शिक्षिका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, इस विवाद के बाद आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने शव को अपनी कार की डिग्गी में रखा और पूरे दिन शहर में घूमता रहा. इसके बाद रात में स्कूल के पास शव फेंककर फरार हो गया.
31 को मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला रुद्रपुर थाना क्षेत्र का है. 31 की रात करीब 8:30 बजे सड़क किनारे जंगल और झाड़ियों में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और महिला की पहचान कराने की कोशिश की थी. इसके बाद अगले दिन मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र की रहने वाली रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई.
कार की सीट पर घोंट दिया गला
पुलिस के मुताबिक, रानी आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी. 31 अक्टूबर की सुबह स्कूल पहुंचने के बाद दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद विजय निषाद अपनी सफेद रंग की वैगनआर कार से रानी को लेकर मिठाबेल गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर पहुंचा. आरोप है कि इस दौरान वहां उसने कार की पिछली सीट पर रानी का गला घोंटकर हत्या कर दी.
रात में फेंका शव
जानकारी के मुताबिक़ हत्या के बाद आरोपी ने शव को कार की डिग्गी में रख दिया. वह सुबह करीब 10 बजे हत्या करने के बाद पूरे दिन शव को कार में लेकर घूमता रहा. रात होने पर वह रुद्रपुर थाना क्षेत्र में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास पहुंचा और सड़क किनारे झाड़ियों में शव फेंककर फरार हो गया. महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसओजी और रुद्रपुर थाना पुलिस की टीम लगाई थी.
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार, मृतका का एटीएम कार्ड और मोबाइल का फ्लिप कवर बरामद किया गया है. पुलिस ने कार की डिग्गी समेत वाहन का फॉरेंसिक परीक्षण कराया है. गिरफ़्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
SP अभिजित आर. शंकर ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम ने मामले का खुलासा किया है. अभी तक की जांच में एक ही आरोपी की भूमिका सामने आई है. हालांकि मृतका के परिवार ने कुछ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का शक जताया है.
