देवास में खातेगांव TI की हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इस दौरान आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया. बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली लगी.
मध्य प्रदेश के देवास में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी को ट्रक से कुचलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक़ पुलिस उसे आलीराजपुर से पकड़कर खातेगांव ला रही थी. इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर उन पर हमला भी किया. इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई.
10 हजार का घोषित किया था इनाम
दरअसल, यह पूरा मामला खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान आरोपियों ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया था. इस घटना में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई थी. इस वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था.
पुलिस ने आरोपी के मारी गोली
मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में वांछित ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू को आलीराजपुर से गिरफ्तार किया. इसके बाद पुलिस टीम उसे खातेगांव लेकर आ रही थी. इसी दौरान देवास के पास आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की. इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिया और उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने उसे रोकने के लिए पहले चेतावनी दी. इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान चलाई गई गोली उसके दाहिने पैर में लगी. घटना के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल जिला चिकित्सालय देवास पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
आरोपी का चल रहा इलाज
SP आदित्य मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू की गिरफ्तारी के लिए देवास समेत कई जिलों की पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. इसी अभियान के तहत गजेंद्र को आलीराजपुर जिले से अभिरक्षा में लेकर देवास लाया जा रहा था. रास्ते में बरोठा थाना क्षेत्र में उसने दोबारा पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया. इसके बाद निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत पुलिस ने कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि घायल आरोपी गजेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल देवास लाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. SP ने बताया कि आरोपी को चोट लगने के कारण अभी ICU में भर्ती कराया गया है.
