Donald trump warns iran: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि हालात नहीं सुधरे तो अमेरिका पहले से भी ज्यादा खतरनाक सैन्य कार्रवाई करेगा. उन्होंने बातचीत का विकल्प खुला रखते हुए कहा कि देरी हुई तो इसके गंभीर नतीजे होंगे.

Donald trump warns iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो अगला सैन्य हमला पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक होगा. ट्रंप के बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है. उन्होंने कहा कि बीते एक साल में उनके फैसलों ने दुनिया को चौंकाया है. टैरिफ से लेकर सख्त विदेश नीति तक अमेरिका अब पीछे हटने के मूड में नहीं है. ट्रंप ने संकेत दिए कि ईरान के साथ टकराव निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है.
ट्रंप ने कहा कि ईरान की दिशा में अमेरिका का एक विशाल नौसैनिक बेड़ा आगे बढ़ रहा है. यह बेड़ा पूरी ताकत और स्पष्ट मकसद के साथ तैनात किया गया है. इस बेड़े की अगुवाई विशाल युद्धपोत अब्राहम लिंकन कर रहा है. ट्रंप के मुताबिक यह बेड़ा उस बेड़े से भी बड़ा है, जिसे पहले वेनेजुएला की ओर भेजा गया था. उन्होंने कहा कि यह सैन्य ताकत सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है. जरूरत पड़ने पर यह तुरंत कार्रवाई करने में सक्षम है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान से अपील की कि वह बातचीत का रास्ता चुने. उन्होंने कहा कि समय तेजी से निकल रहा है. हालात बेहद गंभीर हैं. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका एक निष्पक्ष और संतुलित समझौता चाहता है. ऐसा समझौता जिसमें ईरान के पास परमाणु हथियार न हों. उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता सभी पक्षों के हित में होगा. लेकिन अगर ईरान ने देरी की तो परिणाम गंभीर हो सकते हैं.
ट्रंप ने पिछले साल जून में हुए सैन्य अभियान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले भी ईरान को समझौते का मौका दिया गया था. लेकिन तब ईरान ने बात नहीं मानी. इसके बाद अमेरिका ने ऑपरेशन मिडनाइट हैमर को अंजाम दिया. इस ऑपरेशन में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ा. ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगला हमला इससे कई गुना ज्यादा विनाशकारी हो सकता है. उन्होंने साफ कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा न आने दी जाए.

गौरतलब है कि ऑपरेशन मिडनाइट हैमर अमेरिका के सबसे गोपनीय और तेज सैन्य अभियानों में से एक था. महज 25 मिनट में ईरान के तीन बड़े परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया था. ये ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फाहान में थे. इस हमले में सात स्टील्थ बी-2 बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया गया था. कुल 12 भारी बम गिराए गए थे. मिशन में 125 से ज्यादा विमान शामिल थे. खास रणनीति के तहत दुश्मन को भ्रमित भी किया गया था. अब ट्रंप की नई चेतावनी से दुनिया की नजरें एक बार फिर ईरान पर टिक गई हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
