पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान में एक युवक की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा है. जानकारी के मुताबिक़ युवक आपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था. इस दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद काफ़ी तलाश करने पर भी उसका शव बरामद नहीं हुआ. दूसरे दिन मछली के जाल में फँस कर शव बाहर आया.
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक़ यहाँ दामोदर नदी से मछली पकड़ने के लिए जाल डाला गया था. लेकिन जब एक मछुआरे ने जाल खींचा, तो उसमें मछलियों की जगह एक युवक का शव फंसा मिला. शव की पहचान 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र रिपम दास के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि छात्र रविवार दोपहर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया था. रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर सामने आई.
इंजीनियरिंग का छात्र था मृतक
जानकारी के मुताबिक़ यह घटना पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के गलसी थाना क्षेत्र की है. रिपम दास बोलपुर गांव का रहने वाला था और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह अपने चार दोस्तों सजल दास, कार्तिक सेन, निताई दास और गौरव रक्षित के साथ गलसी के शिल्लाघाट में दामोदर नदी में नहाने गया था. बताया जा रहा है कि सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान रिपम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया. रिपम के लापता होने की खबर मिलते ही उसकी तलाश शुरू की गई. पुलिस और स्थानीय लोग उसे नदी में खोजने में जुट गए.
एक किलोमीटर दूर मिला शव
रविवार को नदी में लापता हुए युवक की तलाश जारी थी. इसके बाद सोमवार सुबह काशपुर के पास एक स्थानीय मछुआरा दामोदर नदी में मछली पकड़ रहा था. इसी दौरान जब उसने अपना जाल खींचा, तो उसमें रिपम का शव फंसा हुआ मिला. जाल में शव देखकर मछुआरा हैरान रह गया. इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई. रिपम जिस जगह नहाने के दौरान लापता हुआ था, वहां से करीब एक किलोमीटर दूर उसका शव मिला. सूचना मिलते ही गलसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की गई.
सोमवार सुबह मिला शव
आपको बता दें कि सोमवार सुबह रिपम की मौत की खबर सामने आते ही उसके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 19 वर्षीय छात्र अब घर नहीं लौट पाया. रविवार से ही परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया.
