Election Commission of India: मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक में SIR और वोटर लिस्ट को लेकर अहम फैसले लिए गए. दिल्ली-महाराष्ट्र में दावे दर्ज करने की डेडलाइन बढ़ा दी गई है और BLO अब घर-घर जाकर जरूरी दस्तावेज जमा करेंगे.

Election Commission of India: चुनाव आयोग को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच शनिवार को नई दिल्ली के निर्वाचन सदन में एक बेहद अहम बैठक हुई. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए. आयोग ने विशेष गहन समीक्षा (SIR) और वोटर लिस्ट से जुड़ी व्यवस्थाओं को जनता के लिए और आसान बनाने का ऐलान किया है. इस नए फैसले से उन लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनके नाम वोटर लिस्ट में मैप नहीं हो पाए थे या किसी गड़बड़ी के कारण जिन्हें नोटिस भेजे गए थे.
BLO खुद आएंगे घर और दर्ज होंगे दस्तावेज
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन लोगों को रिकॉर्ड में गड़बड़ी या मैपिंग न होने की वजह से नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें अब किसी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने होंगे. बीएलओ (BLO) खुद ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर जरूरी कागजात जमा करेंगे. इसके बाद इन दस्तावेजों को सीधे ‘ईसीआईनेट’ (ECINET) पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल बेहद खास मामलों में ही सुनवाई बुलाई जाए, और वह सुनवाई भी मुख्य रूप से ऑनलाइन ही होगी.
दिल्ली और महाराष्ट्र के लिए बढ़ाई गई आखिरी तारीख
बैठक में चुनाव आयोग ने दिल्ली और महाराष्ट्र के लोगों को बड़ी राहत देते हुए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ा दी है. अब दिल्ली के लोग 30 अक्तूबर 2026 तक अपने दावे जमा कर सकते हैं, जिनका निपटारा 30 नवंबर तक किया जाएगा. वहीं महाराष्ट्र के निवासियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026 तय की गई है, जिसका निपटारा 10 नवंबर तक होगा. इसके अलावा, बेघर लोगों और मजदूरों की सुविधा के लिए नाइट शेल्टरों में विशेष हेल्प डेस्क भी लगाए जाएंगे.
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान
बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 20 राज्यों में SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने नए मतदाताओं के लिए रास्ते खोल दिए हैं. जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में छूट गए हैं, वे संबंधित ईआरओ (ERO) के पास आवेदन करके अपना नाम जुड़वा सकते हैं. इस काम के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) को तुरंत एक विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. युवाओं और पहली बार वोट देने वालों को प्राथमिकता के आधार पर वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा.
ECINET की समीक्षा के लिए एक्सपर्ट्स की बनी कमेटी
वोटर डेटाबेस और आईटी पोर्टल की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने एक स्वतंत्र कमेटी का गठन किया है. सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर की अगुवाई में बनने वाली इस कमेटी में आईआईटी (IIT) या ट्रिपल आईटी (IIIT) के एक स्वतंत्र विशेषज्ञ भी शामिल होंगे. यह टीम जांच करेगी कि ईसीआईनेट (ECINET) सिस्टम सभी चुनावी कानूनों और नियमों का सही ढंग से पालन कर रहा है या नहीं. इसके बाद कमेटी अपनी विस्तृत रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंपेगी.
विपक्ष के निशाने पर CEC और आयोग के अंदरूनी मतभेद
यह पूरी बैठक ऐसे समय में हुई है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर विपक्ष लगातार हमलावर है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले कुछ महीनों में कई फैसलों पर अपनी असहमति जताई थी. इसके बाद से ही विपक्षी दल ‘इंडिया’ (INDIA) ब्लॉक के नेतृत्व में सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और महाभियोग लाने की तैयारी में हैं. हालांकि चुनाव आयोग ने अपने प्रेस बयान में कहा है कि SIR समेत देश भर में लिए गए सभी बड़े फैसले पूरी तरह से सर्वसम्मति से ही लिए गए थे.
