इटावा में 500 रुपए की रंगदारी मांगने के बाद फायरिंग की घटना हुई. इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में पुलिस ने जांच शुरू करती है, वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के इटावा से एक हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. शहर के पक्का बाग इलाके में गुरुवार शाम सिर्फ 500 रुपए की रंगदारी को लेकर फायरिंग की घटना हो गई. जानकारी के मुताबिक़ सुमन विद्या पीठ के सामने हुई इस घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए. घायलों की पहचान दुर्गा कॉलोनी पक्का बाग निवासी 28 वर्षीय यशोदा नंदन शुक्ला और कल्याणपुर इकदिल निवासी 50 वर्षीय किसान अरविंद राजपूत के रूप में हुई है. दोनों घायलों को घटना के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कार से पहुंचकर मांगे 500 रूपये
यशोदा नंदन के भाई चंदन शुक्ला मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यशोदा चेक जमा करने के लिए बैंक गया था. बैंक से लौटने के बाद वह सुमन विद्या पीठ के सामने अरविंद राजपूत और वासु चौधरी के साथ खड़ा था. इसी दौरान जयभारत कॉलोनी निवासी करन उर्फ लालू तोमर अपने साथियों के साथ नेक्सॉन कार से वहां पहुंचा. आरोप है कि कार सवार युवकों ने यशोदा और अरविंद से 500 रुपए मांगे. दोनों ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान गोली यशोदा नंदन शुक्ला और अरविंद राजपूत के पैर में लगी. गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर हड़कंप मच गया. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
शराब के नशे में था आरोपी
घटना को लेकर पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी से उनकी पहले से जान-पहचान है, लेकिन किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है. आरोप है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और शराब पीने के लिए रुपए मांग रहा था. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग की असली वजह साफ हो सकेगी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी बबीता सिंह भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों से घटना के बारे में जानकारी ली. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे फायरिंग करने वालों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सके. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
