इटावा में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या के मामला सामने आया है. व्यक्ति का शव उसके घर में मौजूद संदूक से मिला है. मृतक की बड़ी बेटी ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी पर हत्या की आशंका जताई है. फ़िलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के इटावा से एक हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. यहां सिविल लाइन इलाके की कांशीराम कॉलोनी में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई. टीवी अस्पताल के पास स्थित आवास में उसका शव संदूक के भीतर कपड़ों में लिपटा मिला. कई दिनों से बंद कमरे से आ रही दुर्गंध के बाद रविवार को पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घर का ताला खुलवाकर जांच की तो वारदात का पता चला. मृतक की 18 वर्षीय छोटी बेटी का भी कोई सुराग नहीं है. बड़ी बेटी ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी पर संदेह जताया है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस पूरी घटना की पड़ताल के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं.
मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम
पड़ोसी ने मामले में जानकारी देते हुए पुलिस को बताया कि घर का दरवाजा काफी समय से बंद था. पिछले दो दिनों से आसपास के लोगों को कमरे से दुर्गंध महसूस हो रही थी. रविवार को जब बदबू ज्यादा बढ़ गई तो उन्होंने पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे का ताला तुड़वाया. कमरे के अंदर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने अन्य स्थानों की जांच की. इसी दौरान संदूक के अंदर कपड़ों में लिपटा शव बरामद हुआ. पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह शव तीन से चार दिन पुराना है और काफी हद तक गल चुका है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
पाँच दिन पहले हुई थी पिता से बात
मृतक की बड़ी बेटी काजल ने बताया कि उसके पिता एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे. उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी थी. पिता अपनी छोटी बेटी के साथ कांशीराम कॉलोनी स्थित मकान में रहते थे. काजल के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले सुबह उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी. उस समय घूमने जाने के बारे में भी बातचीत की थी. इसके बाद जब उसने दोबारा फोन मिलाया तो पिता का मोबाइल बंद मिला. छोटी बहन से भी संपर्क नहीं हो पा रहा था.
घर पर नहीं मिली छोटी बेटी
जानकारी के मुताबिक़ इस मामले में काजल ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी पर पिता की हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है. उसका कहना है कि छोटी बहन पिता के साथ रहती थी, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के समय वह घर पर नहीं मिली. ऐसे में उसे दोनों पर संदेह है. पुलिस ने उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है. जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिक्योरिटी गार्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई, घटना के समय घर में कौन मौजूद था और वारदात के बाद छोटी बेटी कहां गई.
जांच के लिए गठित की तीन टीमें
एसपी सिटी बबीता सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को एक आवास से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया गया तो कमरे में खून मिला. इसके बाद संदूक की जांच करने पर कपड़ों में लिपटा हुआ एक शव बरामद हुआ. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
