गाजियाबाद के पटेल नगर में एक AC सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई. इस घटना के कारण कई वाहन जलकर खाक हो गए और साथ ही 80 साल के बुजु्र्ग की दम घुटने से मौत हो गई.

AC सर्विस सेंटर में लगी आग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शनिवार तड़के एक AC सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. बताया जा रहा है कि आग इतनी भयावह थी कि बिल्डिंग के अंदर रखे AC गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार धमाके हुए. जिनकी आवाज सुनकर घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए.
लगातार हो रहे थे ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक फायर ब्रिगेड को सुबह लगभग 3.05 बजे हादसे की जानकारी मिली. जिसके बाद फायर विभाग की टीम पटेल नगर में मौजूद प्लॉट नंबर F-87 में एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर पर पहुंच गई. बताया जा रहा है कि जब दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची तो 3 मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह से आग की लपटों से घिरी हुई थी. बिल्डिंग के अंदर बड़ी संख्या में मौजूद AC गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार ब्लास्ट हो रहे थे.
80 साल के बुजुर्ग की मौत
इस दौरान आग इतनी तेज थी कि उठता हुआ धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था. घटनास्थल पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. जिसके बाद वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी गाड़ियों को बुलाया गया. जिसके बाद 8 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. इस घटना में एक 80 साल के बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई और साथ ही कई वाहन जलकर राख हो गए.
कई वाहन जलकर खाक
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बिल्डिंग में खड़े 2 चारपहिया वाहन और लगभग 10 बाइक जलकर खाक हो गईं. स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लग रहा था किसी फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ हो. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. घटना में एक 80 साल के बुजुर्ग मौत के साथ कई वाहन जलकर खाक हुए हैं.
यह भी पढ़ें- CM शपथ से पहले शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर बढ़ी सुरक्षा! कोलकाता पुलिस के जवान तैनात
