NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए 4 वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति की है. कार्मिक विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के तहत अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी, जबकि आकाश जैन और आदित्य भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है.

NEET Paper Leak: NEET पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी National Testing Agency में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. सरकार ने एजेंसी में चार वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है. इनमें दो अधिकारियों को जॉइंट सेक्रेटरी और दो को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब एनटीए लगातार परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है. इन नियुक्तियों को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है.
एनटीए देश की बड़ी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने वाली संस्था है. यह मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे बड़े एंट्रेंस एग्जाम कराती है. NEET और JEE जैसी परीक्षाएं इसी एजेंसी के जिम्मे होती हैं. यह संस्था शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के तहत काम करती है. हाल के विवादों के बाद अब सरकार ने यहां प्रशासनिक स्तर पर नए अधिकारियों की तैनाती की है ताकि व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
सरकार ने अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी पद पर नियुक्त किया है. अनुजा बापट भारतीय सांख्यिकीय सेवा यानी ISS की 1998 बैच की अधिकारी हैं. वहीं रुचिता विज भारतीय राजस्व सेवा यानी IRS की 2004 बैच की अधिकारी हैं. दोनों अधिकारियों को पांच साल के लिए नियुक्त किया गया है. ये अधिकारी अब उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत एनटीए के कामकाज की निगरानी करेंगी. जॉइंट सेक्रेटरी केंद्र सरकार में काफी अहम पद माना जाता है.
इसके अलावा आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है. आकाश जैन IRS इनकम टैक्स सेवा के 2013 बैच के अधिकारी हैं. उन्हें दूसरे विभाग से ट्रांसफर करके एनटीए भेजा गया है. उनका कार्यकाल दिसंबर 2029 तक रहेगा. वहीं आदित्य राजेंद्र भोजगढिया इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस यानी IA&AS के 2013 बैच के अधिकारी हैं. उन्हें भी लेटरल शिफ्ट के जरिए एनटीए में नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल मई 2028 तक रहेगा.
इन सभी नियुक्तियों को अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट यानी ACC ने मंजूरी दी है. यह केंद्र सरकार की सबसे अहम नियुक्ति समिति मानी जाती है. आदेश कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग यानी DoPT की तरफ से जारी किया गया है. इस आदेश पर विभाग की डायरेक्टर एनीस कनमनी जॉय के हस्ताक्षर हैं. आदेश की कॉपी उच्च शिक्षा विभाग समेत कई बड़े सरकारी विभागों को भेजी गई है. माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए सरकार एनटीए की कार्यप्रणाली को मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
