ग्रेटर नोएडा बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं के गुट आपस में भिड़ गए. बताया जा रहा है कि चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के बीच झड़प हुई. विरोध कर रहे वकीलों ने निर्माण कार्य का शिलापट तोड़ दिया और सामग्री फेंक दी.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में मंगलवार को चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए. जानकारी के मुताबिक नए चैंबर बनाए जाने के विरोध में एक पक्ष के अधिवक्ताओं ने हंगामा किया. इसी दौरान निर्माण कार्य से संबंधित शिलापट तोड़ दिया गया और चैंबर के लिए लाई गई निर्माण सामग्री को भी उठाकर फेंक दिया गया. इस पूरी घटना के बाद कुछ देर के लिए कचहरी परिसर में तनाव का माहौल बन गया.
पहले से चल रहा था विरोध
बताया जा रहा है कि बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में नए चैंबर निर्माण का काम चल रहा था. इन्हीं चैंबर निर्माण को लेकर कुछ अधिवक्ताओं ने पहले से आपत्ति जताई थी. उनका कहना था कि चैंबर निर्माण को लेकर बार में पहले से मतभेद की स्थिति बनी हुई है. जिसके बाद मंगलवार सुबह विरोध करने वाले अधिवक्ता कार्यालय परिसर में पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया.
परिसर में मची अफरा-तफरी
मामले में हंगामे के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया, जब गुस्साए अधिवक्ताओं ने निर्माण कार्य से जुड़े शिलापट को तोड़ दिया. इसके बाद निर्माण सामग्री को भी उठाकर फेंक दिया गया. इससे परिसर में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में है. बताया जा रहा है कि चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के बीच पहले से मतभेद चल रहे थे. अब घटना के बाद यह विवाद एक बार फिर से सामने आ गया. सूचना मिलने पर बार के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की.
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
मामले में जानकारी देते हुए सूरजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को घटना को लेकर अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि यह वकीलों के बीच का आपसी मामला था, जिसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है. थाना प्रभारी के मुताबिक परिसर में लाइब्रेरी निर्माण का काम चल रहा था, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया था.
