Greater Noida PNB Scam: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-पाई स्थित पीएनबी बैंक में 10.24 करोड़ रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है. बैंक कर्मचारी ने अधिकारियों की आईडी का गलत इस्तेमाल कर ग्राहकों के खातों और एफडी से पैसे उड़ाए. सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर.

Greater Noida PNB Scam: ग्रेटर नोएडा से पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बैंक के अंदर ग्राहकों के खातों से करीब 10.24 करोड़ रुपये निकाले जाने का बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती जांच में पता चला है कि बैंक में काम करने वाले एक कर्मचारी ने ही इस खेल को अंजाम दिया है. इस कथित घोटाले में बैंक अधिकारियों की यूजर आईडी और पासवर्ड का गलत इस्तेमाल किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और तेजी से छानबीन शुरू कर दी है.
कैसे खुला इस बड़े फर्जीवाड़े का राज?
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब संगीता नाम की एक महिला अपने परिवार के साथ बैंक पहुंची. वे लोग अपनी पासबुक को अपडेट कराने के लिए काउंटर पर गए थे. पासबुक देखते ही उनके होश उड़ गए क्योंकि उसमें तीन ऐसे ट्रांजैक्शन थे जो उन्होंने किए ही नहीं थे. जब परिवार ने बैंक अधिकारियों से इस बारे में पूछताछ की, तो वहां मौजूद दीपांशी नाम की कर्मचारी ने उन्हें मामले को दबाने की कोशिश की. लेकिन जब बैंक मैनेजर ने गहराई से पड़ताल की, तो उन ट्रांजैक्शन से जुड़े कोई वाउचर रिकॉर्ड में मिले ही नहीं.
दूसरे अधिकारियों की आईडी का हुआ इस्तेमाल
बैंक की आंतरिक जांच में सामने आया कि दीपांशी बैंक में ऑफिस असिस्टेंट के पद पर तैनात थी. उसे इस तरह के पैसों के लेन-देन करने का कोई अधिकार नहीं था. इसके बावजूद उसने बैंक के सीनियर अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के यूजर आईडी और पासवर्ड चुरा लिए. उन्हीं लॉगिन डिटेल्स का इस्तेमाल करके ग्राहकों के खातों से चुपचाप पैसे निकाले गए. हैरानी की बात यह है कि सबूत मिटाने के लिए इन सभी फर्जी ट्रांजैक्शन के कागजी वाउचर भी फाड़कर नष्ट कर दिए गए थे.
अशुतोष पाठक के खाते में पहुंचे पैसे
जांच में यह भी पता चला है कि ग्राहकों के सेविंग अकाउंट से निकाले गए सारे पैसे एक तय नेटवर्क के जरिए ट्रांसफर किए जाते थे. ज्यादातर रकम घूम-फिरकर अशुतोष पाठक नाम के व्यक्ति के खाते में पहुंचती थी. इसके अलावा प्रदीप कुमार, मेम्बंती देवी, प्रियंका कुमारी और कुछ अन्य लोगों के खातों का इस्तेमाल भी पैसों को ठिकाने लगाने के लिए किया गया. इन सभी खातों के जरिए बैंक के भीतर ही एक बड़ा खेल खेला गया, जिसकी परतें अब सीबीआई की पूछताछ में धीरे-धीरे खुल रही हैं.
फिक्सड डिपॉजिट (FD) को भी बनाया निशाना
इस घोटाले में सिर्फ बचत खाते ही नहीं, बल्कि ग्राहकों की एफडी (FD) से भी जमकर खिलवाड़ किया गया है. बैंक रिकॉर्ड के अनुसार कई ग्राहकों की एफडी को समय से पहले ही जबरन तोड़ दिया गया. इतना ही नहीं, उन एफडी के खातों में अशुतोष पाठक और अन्य संदिग्ध लोगों को ज्वाइंट होल्डर बना दिया गया. एफडी टूटने के बाद मिलने वाला सारा पैसा दूसरे फर्जी खातों में ट्रांसफर कर दिया गया. बैंक की शिकायत के साथ ऐसी करीब 49 एफडी की सूची सौंपी गई है, जिनमें कुल 10.23 करोड़ रुपये से ज्यादा की हेराफेरी की गई है.
ग्राहकों को भनक न लगे इसलिए बंद किए अलर्ट
बैंक ने अपनी शिकायत में बहुत गंभीर आरोप लगाया है कि ग्राहकों को पैसे कटने का पता न चले. इसके लिए उनके मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन अलर्ट में भी छेड़छाड़ की गई थी. यह पूरा खेल एक-दो दिन नहीं बल्कि करीब तीन साल तक लगातार चलता रहा. अब सीबीआई ने बैंक कर्मचारी दीपांशी, अशुतोष पाठक और अन्य लोगों के खिलाफ कड़े कानूनों के तहत केस दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस बड़े घोटाले के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
