गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में अहमदाबाद-राजकोट हाईवे भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद पुलिस जांच कर रही है.

गुजरात में दर्दनाक हादसा
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हुआ है. सुरेंद्रनगर जिले में अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर लिंबडी के पास सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही 10 लोग घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 2.30 बजे एक प्राइवेट बस और डंपर की आपस में टक्कर हो गई.
डंपर से टकराई तेज रफ्तार बस
जानकारी के मुताबिक बस राजकोट जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में एक डंपर से टकरा गई, जिसके बाद बस में आग लग गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में 40 लोग सवार थे. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि हाईवे पर डामर ले जा रहे डंपर का अचानक से टायर फट गया, जिससे डंपर अनियंत्रित हो गया और उसकी स्पीड धीमी हो गई.
टक्कर के बाद लगी आग
डंपर की स्पीड धीमी होने के बाद पीछे से तेजी से आ रही बस डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में शॉर्ट-सर्किट होने से आग लग गई. रात का समय होने के कारण कई यात्री सो रहे थे. हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और आग तेजी के साथ फैलने लगी. इस दौरान 4लोगों की मौत हो गई और लगभग 10 लोग घायल हो गए.
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग के ऊपर काबू पाया गया. फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- रातभर गर्लफ्रेंड के घर रहा युवक! सुबह होती ही परिजनों ने किया धप्पा; गांव वालों ने कर दी पिटाई
