MP के गुना जिले में भाजपा जिला मंत्री के छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा है कि यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई. पुलिस ने घटना के बाद आरोपी पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है.
मध्य प्रदेश में गुना जिले से एक हैरान कर देने गया मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक़ यहाँ के सारेठा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह सारेठा के छोटे भाई विजय सिंह की मौत हो गई. घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है.
खेत पर जाते समय किया हमला
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सारेठा निवासी विजय सिंह अपने भतीजे शांतनु के साथ मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे भारत यादव और उसके बेटे विशाल ने उन पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले लाठी से हमला कर शांतनु को घायल कर दिया. इसके बाद विशाल ने विजय सिंह के बाएं पैर में 12 बोर की बंदूक से गोली मार दी.
पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी पिता-पुत्र
गोली लगने के बाद विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. जिससे उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण से उनकी मौत हो गई. मामले में सिरसी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भारत सिंह और उसके बेटे विशाल को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई 12 बोर की बंदूक अवैध बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है.
