ग्वालियर में 20 रुपए के मोमोज के पीछे हुआ विवाद घातक हो गया. ठेला संचालक ने 18 साल के छात्र के ऊपर खौलता हुआ तेल फेंक दिया. इसके छात्र बुरी तरह झुलस गया. फ़िलहाल पुलिस आरोपी ठेला संचालक की तलाश कर रही है.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 20 रुपए के मोमोज को लेकर विवाद हो गया. इस विवाद ने एक 18 साल के छात्र को अस्पताल पहुंचा दिया. बताया जा रहा है कि प्लेट में मोमोज की मात्रा कम होने पर छात्र ने ठेले वाले से सवाल किया. इस दौरान बात कहासुनी से गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गई.इतनी सी बात से नाराज होकर ठेला संचालक ने कढ़ाई में खौल रहा तेल उठाया और छात्र के ऊपर फेंक दिया. गर्म तेल की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए. फिलहाल छात्र का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना के दौरान 3 दोस्त थे साथ
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे का है. न्यू रेशम मिल के प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया शाम के समय अपने दोस्त गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था. इस दौरान रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर लगे अंकित मोमोज के ठेले पर रुक गए, तभी शिवा ने 20 रुपए के मोमोज खरीदे. प्लेट में मोमोज की संख्या कम देखकर उसने ठेला संचालक अंकित से पूछ लिया कि 20 रुपए के इतने कम मोमोज क्यों दिए हैं. बस इसी सवाल पर विवाद शुरू हो गया. विवाद के दौरान दुकानदार अंकित ने छात्र शिवा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
खौलता तेल छात्र पर फेंका
बताया जा रहा है कि जब छात्र शिवा ने गाली गलौज देने का विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ कर सड़क पर आ गया. बात इतनी बढ़ी कि ठेला संचालक ने छात्र के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू भी कर दी. इसी दौरान गुस्से में अंकित ने मोमोज बनाने के लिए कढ़ाई में रखा खौलता तेल उठाया और शिवा के ऊपर फेंक दिया. तेल सीधे छात्र के चेहरे और कान पर जा गिरा. घटना के वक्त उसके दोनों दोस्त मौके पर मौजूद थे. सूचना मिलते ही छात्र के पिता भी वहां पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल छात्र का इलाज जारी है.
ठेला संचालक की तलाश कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र की शिकायत पर ठेला संचालक अंकित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. घटना के बाद आरोपी फरार है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. आपको बता दें कि जिस विवाद की शुरुआत सिर्फ 20 रुपए के मोमोज और उनकी मात्रा को लेकर हुई थी, वह देखते ही देखते खौलते तेल तक पहुंच गया. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
