हापुड़ में एक व्यक्ति दुकान पर 2 प्लेट छोले भटूरे पैक करवा रहा था. इसी दौरान उसे पत्नी मौके पर पहुँच गई. पत्नी ने आरोप लगा की व्यक्ति किसी दूसरी महिला से मिलने आया है. सड़क पर काफ़ी देर कहा सुनी के बाद पूरा मामला पुलिस तक पहुँच गया.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हापुड़ के बृजघाट में एक शादीशुदा व्यक्ति को प्रेमिका से मिलने जाना भारी पड़ गया. पत्नी को इसकी भनक लगी तो वह अपने परिवारवालों के साथ मौके पर पहुंच गई. जानकारी के मुताबिक़ व्यक्ति गेस्ट हाउस के पास से छोले-भटूरे पैक करवा रहा था. पत्नी ने उसे घेर लिया और दोनों के बीच सड़क पर ही विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद यह मामला पुलिस चौकी तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया.
घर में भी होता था विवाद
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला हापुड़ की तीर्थनगरी बृजघाट का है. बताया जा रहा कि अजय की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी. उसके दो बेटे भी हैं. पत्नी कविता ने आरोप लगाया कि कि अजय अक्सर काम का बहाना बनाकर घर से निकलता था. आरोप है कि वह काम पर जाने के बजाय किसी दूसरी महिला से मिलने चला जाता था. बताया जा रहा है कि अजय की इन गतिविधियों को लेकर घर में पहले भी विवाद होता रहा है. इसी बीच पत्नी को जानकारी मिली कि अजय बृजघाट में किसी महिला के साथ मौजूद है.
छोले भटूरे पैक करवा रहा था व्यक्ति
पत्नी को जब इस बात की जानकारी मिली तो वह अपने परिवार के लोगों के साथ बृजघाट पहुंच गई. वहां उन्होंने अजय को एक गेस्ट हाउस के पास देखा. वह एक दुकान से छोले-भटूरे की दो प्लेट पैक करवा रहा था. पत्नी ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद पति-पत्नी के बीच सड़क पर ही कहासुनी शुरू हो गई. पत्नी ने आरोप लगाया कि अजय किसी महिला से मिलने आया था और उसके लिए ही खाना पैक करवा रहा था.
पुलिस ने कराया समझौता
वहीं अजय ने पत्नी के अभी आरोपों को गलत बताया. उसका कहना था कि वह किसी महिला के साथ नहीं था. उसने दावा किया कि वह घर के मानसिक तनाव से परेशान होकर अकेले बृजघाट आया था. दोनों पक्ष बृजघाट पुलिस चौकी पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया. काफी देर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन गई. इसके बाद पति-पत्नी अपने घर लौट गए.
