फरीदाबाद में पुलिस कस्टडी से भाग रहे एक अपराधी को पुलिस ने पैर में गोली मारकर काबू में किया. आरोपी की पहचान पंजाब के भटिंडा निवासी मोनू गुर्जर के रूप में की गई है.
पुलिस कस्टडी से की भागने की कोशिश
हरियाणा के फरीदाबाद से मुठभेड़ का एक मामला सामने आया है. फरीदाबाद में एक आरोपी ने पुलिस की कस्टडी से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसे गोली मारकर काबू में किया. आरोपी की पहचान मोनू गुर्जर के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक मोनू गुर्जर पंजाब के भटिंडा का रहने वाला है. पुलिस ने उसे कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था.
रंगदारी मामले में किया गया था गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मोनू गुर्जर को सेक्टर 15A में एक व्यक्ति से चिट्ठी लिखकर रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया था. इस मामले के बाद में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने उसे 7 फरवरी को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की. पुलिस को पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने हथियारों को राजस्थान में छिपाकर रखा है.
राजस्थान ले जाते समय हुई मुठभेड़
पूछताछ के बाद में पुलिस हथियारों को बरामद करने के लिए उसे राजस्थान ले जा रही थी. पुलिस ने बताया कि राजस्थान ले जाते समय उसने फरीदाबाद के पाली क्रेशर जोन के पास में आरोपी मोनू ने भागने की कोशिश की. जानकारी के मुताबिक मोनू ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर वहां से भागने की कोशिश की. जिसके बाद यह पूरी घटना हुई है.
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
जब मोनू गुर्जर पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश करने लगा, तो पुलिस ने उसे रुकने और सरेंडर करने के लिए कहा. जब उसने पुलिस की बात सुनी तो टीम के ऊपर फायर कर दिया. जिसके बाद में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान मोनू के पैर में गोली लग गई. गोली लगने के बाद में मोनू तुरंत ही घायल होकर गिर गया. नीचे गिरने के बाद में पुलिस ने उसे तुरंत ही दोबारा से पकड़ लिया.
यह भी पढ़ें- असम के श्रीभूमि में अचानक गिरा पुल! 4 गाड़ियां नदी में बहीं, घायलों को कराया जा रहा अस्पताल में भर्ती
