हरियाणा में नगर निगम चुनाव बेहद नजदीक हैं, इसको लेकर सरकार ने संबंधित इलाकों के रजिस्टर्ड वोटरों के लिए 10 मई को पेड लीव का ऐलान कर दिया है.

चुनाव में मिलेगी पेड लीव
हरियाणा में नगर निगम चुनाव बेहद नजदीक हैं. जिस तरह से राज्य में चुनाव नजदीक आ रहे हैं, सरकार ने संबंधित इलाकों के रजिस्टर्ड वोटरों के लिए 10 मई को पेड लीव का ऐलान कर दिया है. इसके संबंध में हरियाणा सरकार ने एक नोटिफिकेशन भी जारी किया है. इस नोटिफिकशन को हरियाणा के मुख्य सचिव के द्वारा जारी किया गया है.
10 मई को होनी है वोटिंग
जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के नगर निगमों में मेयर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए 10 मई को वोटिंग होगी. साथ ही एक नगर परिषद रेवाड़ी सहित तीन नगर समितियों सांपला (रोहतक), धारूहेड़ा (रेवाड़ी) और उकलाना (हिसार) के भी सभा वार्डों के अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव के लिए भी उसी दिन वोटिंग होने वाली है.
खाली सीटों पर भी इसी दिन वोटिंग
आपको बता दें कि सदस्यों की खाली सीटों के लिए भी 10 मई को ही उपचुनाव होगा. खाली सीटों में नगर परिषद टोहाना (फतेहाबाद) का वार्ड नंबर 17, नगर परिषद झज्जर का वार्ड नंबर 13, नगर समिति राजौंद (कैथल) का वार्ड नंबर 11, नगर समिति तरावड़ी (करनाल) का वार्ड नंबर 8, नगर समिति कनीना (महेंद्रगढ़) का वार्ड नंबर 14, और नगर समिति सढौरा (यमुनानगर) का वार्ड नंबर 9 शामिल हैं.
किन कर्मचारियों को पेड लीव?
चुनावों को लेकर हरियाणा सरकार ने बताया कि सरकार के उन सभी कर्मचारियों को जो इलाकों में रजिस्टर्ड मतदाता हैं, उन्हें पेड लीव दी जाएगी. जिसके चलते वे अपना वोट डाल सकें. सरकार द्वारा जारी किए गए नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि राज्य में मौजूद कारखानों, दुकानों और प्राइवेट संस्थानों के भी उन सभी कर्मचारियों को पेड लीव दी जाएगी, जो संबंधित मतदान क्षेत्र में रजिस्टर्ड हैं.
यह भी पढ़ें- काम करते हुए गिरा युवक! चलते-फिरते युवक को आया हार्ट अटैक; सीसीटीवी में कैद हुआ मंजर
