हरियाणा STF को बड़ी कामयाबी मिली है. कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोट्टा को अमेरिका से भारत लाया गया है और उसे हरियाणा STF के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है.
कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर गिरफ्तार
हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता मिली है. कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोट्टा को अमेरिका से डिपोर्ट करके भारत में लाया गया है. सोमबीर के भारत आने के बाद STF ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर को काला जठेड़ी गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रमुख किंगपिन माना जाता है.
हत्या और आर्म्स एक्ट सहित 26 मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि गैंस्टर सोमबीर के खिलाफ लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट सहित लगभग 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं. गैंगस्टर के खिलाफ ये मुकदमे हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में दर्ज हैं. जानकारी के मुताबिक वह काफी लंबे समय से पुलिस से फरार चल रहा था और विदेशों में छिपकर गैंग के नेटवर्क को ऑपरेट करता था, लेकिन अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
दुबई अमेरिका से ऑपरेट करता था गैंग
जांच के दौरान सामने आया कि अपराधी ने गाजियाबाद के फर्जी पते पर अपना पासपोर्ट बनवा रखा था. बताया जा रहा है कि भारत छोड़ने के बाद में वह लगभग 4 महीनों तक दुबई में रहा था. दुबई में रहने के बाद वह सितंबर 2024 में अमेरिका भाग गया था. आपको बता दें कि उसके खिलाफ हरियाणा STF ने साल 2024 में रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाया था. सोमबीर कुख्यात गैंगस्टर अनिल चीपी का सगा भाई है.
काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अच्छे संबंध
पुलिस ने बताया कि अनिल चीपी और सोमबीर दोनों गैंगस्टरों के काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ में काफी गहरे संबंध हैं. STF ने उसे गिरफ्तार करने के बाद में उससे पूछताछ शुरू कर दी है. STF गैंग के इंटरनेशनल नेटवर्क, फंडिंग और उनके सहयोगियों के बारे में पता कर रही है. हरियाणा पुलिस राज्य में गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार अभियानों को चला रही है.
यह भी पढ़ें- पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश और टीम पर फायरिंग! जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, काबू में आया आरोपी
