झारखंड के हजारीबाग जिले में मौजूद बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिन दहाड़े डकैती हुई है. 4 नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के साथ इस लूट को अंजाम दिया है.

हजारीबाग में बैंक में डकैती
झारखंड के हजारीबाग जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. हजारीबाग रोड पर बरही थाना क्षेत्र में मौजूद बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया गया है. जानकारी के मुताबिक सिर्फ 10 मिनट के अंदर बैंक में भारी लूट को नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के साथ अंजाम दिया है. बताया जा रहा है बैंक के अंदर बदमाश नकाब से चेहरे को ढककर हथियारों के साथ घुसे थे.
पहले ग्राहक बनकर आए लुटेरे
पुलिस के मुताबिक यह पूरा घटना एक प्लान के साथ पूरी की गई है. 2 बदमाश पहले बैंक के अंदर ग्राहक बनकर घुसे थे और अकाउंट खुलवाने का बहाना किया था. जिसके थोड़ी ही देर बाद उनके 2 और साथी भी बैंक के अंदर घुसे और फिर 4 लोगों ने मिलकर अचानक हथियार निकाले और कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया. बैंक में घुसकर बदमाशों ने ग्राहकों और कर्मचारियों को एक जगह पर इकट्ठा कर दिया और हथियार दिखाकर सभी को डराया.
10 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
डकैती के दौरान बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों में खौफ बनाने के लिए बैंक मैनेजर के साथ मारपीट भी की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह पूरी घटना सिर्फ 10 मिनट के अंदर पूरी की गई. बदमाश बैंक के अंदर लगभग 3.19 बजे घुसे और 3.29 बजे बैंक से बाहर निकल गए. इतने कम समय में किसी को समझ भी नहीं आया कि आखिर क्या हो रहा है. बैंक में लूट के दौरान बदमाश अपने साथ गोल्ड लोन और लॉकर में रखा हुआ सोना भी ले गए.
7 करोड़ का सोना गायब
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले में जांच शुरू कर दी. बैंक से बदमाशों ने लगभग 7 करोड़ रुपए का सोना और 5 लाख रुपए नकदी की लूट की है. पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि इस डकैती की घटना को जल्द ही खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
