हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के कारण मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रशासन लगातार राहत-बचाव अभियान चला रहा है. बारिश के कारण रास्तों पर भी पत्थर गिरने से रास्ते बंद हो गए हैं.

हिमाचल में भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है. अब बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. जानकारी के मुताबिक सलूणी क्षेत्र की ग्राम पंचायत लनोट के तानी, फगड़ोग, नारद और आसपास के गांवों में बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि अब मलबा और बारिश का पानी घरों में भी घुस गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग बंद
आपको बता दें कि चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गांवों के घरों और संपर्क मार्गों के आसपास मलबा जमा हो गया है. लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. आपको बता दें कि लगातार बारिश के कारण चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर पंगोला नाली के पास में भारी मलबा और पत्थर सड़क पर आकर गिर गए हैं, जिसके कारण रास्ता भी बंद हो गया है.
25 पंचायतों की आवाजाही प्रभावित
रास्ता बंद होने के कारण लगभग 25 पंचायतों की आवाजाही प्रभावित हो गई है. अब इस समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन और राहत बचाव टीमें JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं. वहीं प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करके नुकसान का आकलन किया जाना चाहिए. लोगों का कहना है कि जिन घरों और रास्तों को बारिश के कारण नुकसान हुआ है, वहां पर सुरक्षा और राहत कार्यों को तेजी से किया जाए.
प्रशासन से लोगों की अपील
चंबा जिले में बारिश अगर इसी तरह से लगातार जारी रही तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें. आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर लगातार जारी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.
यह भी पढ़ें- बीजेपी अपील कर दे और CCTV बंद कर दें तो…, अखिलेश यादव का बड़ा हमला; बोले- चढ़ावा खुद वापस आ जाएगा
