होशियारपुर में एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक व्यक्ति ने धारदार हथियार से किशोरी पर हमला कर दिया, इस दौरान ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई.
पंजाब के होशियारपुर से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक़ मृतक 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और जब उसकी मां काम से घर के बाहर गई हुई थी, इसी दौरान पिता ने मौका पाकर उस पर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. पिता द्वारा किए हमले में पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई, इस दौरान ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
फरार हुआ आरोपी
जानकारी के मुताबिक, जिले के थाना हरियाणा के अंतर्गत आते गांव धूत कलां में एक कलयुगी पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. मृतका की पहचान इंद्रप्रीत कौर के रूप में हुई है.
लड़के की चाहत में था आरोपी
लोगों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि घटना उस समय हुई जब लड़की की मां घरेलू काम के लिए घर से बाहर गई हुई थी. घर में बेटी को अकेला देखकर पिता ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक लड़की के मामा मनदीप सिंह ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनका बहनोई शुरू से ही लड़के की चाहत में था. अक्सर वह कहता था कि मेरे सिर्फ एक लड़की हुई है.
आरोपी की तलाश शुरू
इस घटना की सूचना मिलते ही थाना हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी भी कर रही है. पुलिस का कहना है कि हत्या के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
