Hydrogen train: भारत में 2026 से पहली बार हाइड्रोजन गैस से चलने वाली ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच दौड़ने को तैयार है, जिसका जल्द ही अंतिम ट्रायल पूरा होगा. यह परियोजना देश को प्रदूषण-मुक्त और ग्रीन रेल तकनीक की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी.

Hydrogen train: नए साल 2026 में भारत रेल तकनीक के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है. देश में पहली बार हाइड्रोजन गैस से चलने वाली ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच दौड़ने के लिए तैयार है. इसी सप्ताह जींद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का अंतिम लोड ट्रायल किया जाएगा. ट्रायल सफल रहने पर प्रधानमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलते ही इसका नियमित संचालन शुरू हो जाएगा. यह कदम भारत को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन की दिशा में आगे ले जाने काम करेगा.
हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित
यह ट्रेन पूरी तरह हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित होगी, जिससे किसी भी तरह का प्रदूषण नहीं होगा, रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 9 किलोग्राम पानी से करीब 900 ग्राम हाइड्रोजन गैस तैयार की जाएगी, जिससे ट्रेन लगभग 1 किलोमीटर तक चल सकेगी. इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो इसे आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेनों की श्रेणी में शामिल करती है.
जींद रेलवे स्टेशन पर स्पेन की एक कंपनी ने हाइड्रोजन गैस उत्पादन के लिए अत्याधुनिक प्लांट तैयार किया है. इस प्लांट को प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी भी मिल चुकी है. चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनी इस ट्रेन की ड्राइवर पावर कार और कोच पहले ही दिल्ली के शकूर बस्ती स्टेशन पहुंच चुके हैं. यहां से इसे ट्रायल के लिए जींद लाया जाएगा.
ट्रायल के लिए तैयार

26 जनवरी से जींद और सोनीपत के बीच लगभग 90 किलोमीटर के रूट पर इस ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा. शुरुआत में 2 ड्राइवर पावर कार और 8 यात्री कोच शामिल होंगे. ट्रायल के दौरान ट्रेन की रफ्तार, सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी. इसके बाद रेलवे, आरडीएसओ और तकनीकी कंपनियां मिलकर रिपोर्ट तैयार करेंगी.
इस हाइड्रोजन ट्रेन में आगे और पीछे ड्राइवर पावर कार होंगी. इसमें एसी, लाइट, पंखे और डिजिटल डिस्प्ले जैसी सुविधाएं हाइड्रोजन ऊर्जा से चलेंगी. जींद में लगा हाइड्रोजन प्लांट देश का सबसे बड़ा माना जा रहा है. यह परियोजना न सिर्फ हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए ग्रीन टेक्नोलॉजी का उदाहरण बनेगी और आने वाले समय में स्वच्छ व आधुनिक परिवहन की राह खोलेगी.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
