केंद्र सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी करते हुए 23 आतंकियों को UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया गया है. अब इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का रास्ता साफ हो जाएगा.

23 आतंकी आतंकवादी घोषित
भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाया है. गृह मंत्रालय ने एक गजट नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें 23 आतंकियों को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया गया है. बताया जा रहा है कि इन सभी 23 आतंकियों के नामों को UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है.
पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े
जानकारी के मुताबिक इनमें से अधिकांश आतंकी लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं. ये आतंकी पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रह रहे हैं. आपको बता दें कि इस लिस्ट में मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान, मसूद इलियास कश्मीरी और हाफिज अब्दुल शकूर जैसे नाम शामिल हैं. लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अब्दुल रऊफ और हाफिज खालिद वलीद को हाफिज मोहम्मद सईद का सहयोगी और बेहद करीबी भी बताया जा रहा है.
बेंगलुरु का व्यक्ति भी शामिल
आपको बता दें कि इस लिस्ट में चौंकाने वाला नाम मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ जाकिर का है. जानकारी के मुताबिक उसका स्थायी पता बेंगलुरु का है. यह आतंकी फिलहाल पाकिस्तान के रावलपिंडी में रह रहा है. सरकार के मुताबिक वह लश्कर-ए-तैयबा, अल-कायदा और ISIS से जुड़े मॉड्यूल से भी संबंध रखता है. उसके ऊपर सोशल मीडिया से युवाओं को भर्ती करने, हथियारों की ट्रेनिंग दिलवाने और आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा जुटाने जैसे आरोप है.
चौथी अनुसूचि में शामिल हुए नाम
इसको लेकर केंद्र सरकार का मानना है कि संबंधित व्यक्ति आतंकवाद में शामिल है, जिसके आधार पर UAPA की धारा 35 के तहत इनका नाम कानून की चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है. आपको बता दें कि इस लिस्ट में शामिल होने के बाद आतंकियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए रास्ता साफ हो जाता है. गृह मंत्रालय ने 23 आतंकियों के नाम की लिस्ट जारी की है.
यह भी पढ़ें- BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय लखनऊ दौरा,विधानसभा चुनाव रणनीति पर होगा मंथन
