गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही है एक फ्लाइट टेल स्ट्राइक का शिकार हो गई. बताया जा रहा है कि इंडिगो की इस फ्लाइट के साथ यह हादसा केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ है.
गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के साथ हादसा होते होते टला. जानकारी के मुताबिक़ फ्लाइट (6E 6542) रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान ‘टेल स्ट्राइक’ का शिकार हो गई. हालांकि विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए.
दूसरी कोशिश में हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान हुई. जानकारी के मुताबिक़ पहली बार कोशिश करते समय पायलट ने लैंडिंग रोक दी और विमान को हवा में ही घुमाया. दूसरी कोशिश के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया. इसके बावजूद दूसरी कोशिश में दोपहर 1:34 बजे विमान सफलतापूर्वक लैंड कर गया.
विमान को किया गया ग्राउंड
मामले में जानकारी देते हुए इंडिगो ने बताया कि तेज हवाओं के बीच लैंडिंग करते समय विमान का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ. घटना के बाद इस विमान को तुरंत ही ग्राउंड कर दिया गया यानी अभी इसे उड़ान भरने की इजाजत नहीं है. एयरलाइन ने पुष्टि की है कि विमान की पूरी तरह से मेंटेनेंस जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लाया जाएगा
DGCA ने शुरू की मामले की जांच
आपको बता दें कि इस पूरी घटना के बाद इंडिगो ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है. एयरलाइन ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक फ्लाइट का संचालन नहीं किया जाएगा. फिलहाल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
कंपनी ने की दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था
बताया जा रहा है कि यह फ्लाइट गुवाहाटी से बेंगलुरु पहुंचने के बाद कोयंबटूर जाने वाली थी. कंपनी ने बेंगलुरु-कोयंबटूर रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अलग फ्लाइट की व्यवस्था की है, जिससे उनकी यात्रा में कोई रुकावट न आए. इस घटना से एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानें तय समय के अनुसार चलती रहीं.
क्या होता है टेल स्ट्राइक?
आपको बता दे कि ‘टेल स्ट्राइक’ तब होती है जब लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा जाता है. ऐसा आमतौर पर तेज़ हवाओं, असामान्य अप्रोच एंगल या लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण होता है. इस घटना को लेकर इंडिगो का कहना है कि यह तेज हवाओं के कारण हुई. फ़िलहाल इस मामले में जांच चल रही है, घटना का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
