Innodata layoffs 2026: अमेरिकी डेटा कंपनी ‘इनडाटा’ ने भारत और फिलीपींस में लगभग 550 कर्मचारियों को रातों-रात नौकरी से निकाल दिया है. लंच के वक्त अचानक आए इस फैसले से कर्मचारियों के लैपटॉप लॉक हो गए और वे अपनी पे-स्लिप तक डाउनलोड नहीं कर पाए.

Innodata layoffs 2026: सोमवार की सुबह हर दफ्तर की तरह बिल्कुल आम दिन की तरह शुरू हुई थी. कर्मचारी ऑफिस पहुंचे, अपनी हाजिरी लगाई और रोजाना के काम में जुट गए. किसी को भी इस बात का ज़रा सा भी अंदाजा नहीं था कि दोपहर होते-होते उनके पैरों तले जमीन खिसकने वाली है. दिल्ली के एक युवा इंजीनियर के साथ कुछ ऐसा ही खौफनाक वाकया पेश आया. अमेरिकी डेटा सर्विस कंपनी ‘इनडाटा’ (Innodata) ने भारत और फिलीपींस में एक बड़ा झटका देते हुए रातों-रात सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है.
लंच से पहले काम और दोपहर होते ही छिन गई नौकरी
पीड़ित कर्मचारियों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि सुबह सब कुछ ठीक चल रहा था. दोपहर के वक्त अचानक सुगबुगाहट शुरू हुई कि फिलीपींस वाली टीम को एक जूम कॉल के जरिए अचानक नौकरी से निकाल दिया गया है. जब कुछ कर्मचारियों ने शक होने पर कंपनी के पोर्टल पर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए. पोर्टल पर उसी दिन की तारीख में उनका ‘आधिकारिक इस्तीफा’ और आखिरी दिन दर्ज कर दिया गया था. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, उनके ऑफिस लैपटॉप ब्लॉक हो गए और आईडी डीएक्टिवेट कर दी गईं.
पे-स्लिप डाउनलोड करने का मौका तक नहीं मिला
हालात इतने खराब थे कि कर्मचारी अपनी पे-स्लिप या जरूरी दस्तावेज भी डाउनलोड नहीं कर पाए. एचआर पेरोल ऐप का एक्सेस उनसे तुरंत छीन लिया गया. इसके बाद कर्मचारियों की पर्सनल ईमेल आईडी पर बरखास्तगी के मेल आने शुरू हुए. कंपनी ने सफाई देते हुए कहा है कि व्यापारिक जरूरतों और बिजनेस असाइनमेंट में कटौती के कारण यह फैसला लिया गया है. साथ ही यह भी साफ किया गया कि किसी भी कर्मचारी के व्यक्तिगत प्रदर्शन में कोई कमी नहीं थी, बल्कि कंपनी के प्रोजेक्ट में बदलाव आया है.
MUPSL प्रोजेक्ट पर पड़ी गाज और डिमांड ड्राफ्ट का भरोसा
मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी छंटनी एक बड़े क्लाइंट के प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई थी. सर्विस वॉल्यूम घटने की वजह से कई पदों को खत्म कर दिया गया. फुल एंड फाइनल सेटलमेंट को लेकर कंपनी का कहना है कि डिमांड ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है. हालांकि यह पैसा तभी मिलेगा जब कर्मचारी कंपनी के सारे एसेट्स यानी लैपटॉप और अन्य सामान वापस कर देंगे. लेकिन हैरानी की बात यह है कि कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में यह नहीं बताया कि कुल कितने लोगों की नौकरी गई है.
डरे हुए कर्मचारियों ने बनाया व्हाट्सएप ग्रुप
अचानक नौकरी छिनने और सिस्टम से सारे रास्ते बंद होने के बाद कर्मचारी पूरी तरह बेसहारा हो गए. खुद को बचाने और आपस में जुड़ने के लिए इन डरे हुए लोगों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया. देखते ही देखते शाम तक इस ग्रुप में 500 से ज्यादा ऐसे लोग जुड़ चुके थे जो इस अचानक हुए फैसले से सन्न थे. न्यू जर्सी स्थित यह कंपनी दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों को डेटा और तकनीकी सेवाएं देती है. इस घटना ने एक बार फिर कॉरपोरेट जगत की कार्यशैली और नौकरी की अनिश्चितता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
टेक सेक्टर में लगातार बढ़ रहा छंटनी का खतरा
इनडाटा की यह अकेली घटना नहीं है, बल्कि पूरे टेक सेक्टर में इन दिनों ऐसा ही माहौल बना हुआ है. इसी दौरान माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी कर्मचारियों के लिए बड़े बदलावों और एग्जिट ऑफर्स का ऐलान किया है. इससे साफ पता चलता है कि कंपनियां अपनी जरूरतों के हिसाब से कितनी तेजी से फैसले बदल रही हैं. अब इनडाटा के इन बेकसूर कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ा संकट यह है कि वे बिना किसी नोटिस के बाहर हो चुके हैं और अपने रोजगार के रिकॉर्ड जुटाने में लगे हैं.
