जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से पुलिस ने 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पोस्टर, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.

श्रीनगर से 2 संदिग्ध गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल हर समय किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहते हैं. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. श्रीनगर के बाबादेम इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस ने 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक संदिग्धों की जांच के दौरान दोनों के पास से प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पोस्टर, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.
श्रीनगर के रहने वाले हैं आरोपी
संदिग्धों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में गहराई के साथ में जांच कर रही हैं. आपको बता दें कि पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को बाबादेम इलाके से गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरु के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी श्रीनगर के रहने वाले हैं.
पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों संदिग्ध बाइक से गुजर रहे थे, इसी दौरान नाका चेकिंग के तहत उन्हें रोका गया. संदिग्धों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई, तो इस दौरान उनके पास से आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ. जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद एक पिस्टल, 3 मैगजीन और 21 जिंदा कारतूसों को कब्जे में ले लिया है.
मामले में की जा रही जांच
आपको बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 2 मोबाइल फोन और 10 LeT पोस्टर भी जब्त किए हैं. इस मामले में जांच हो रही है कि ये दोनों किसी आतंकी संगठन के लिए काम कर रहे थे या फिर किसी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे. फिलहाल इस मामले को लेकर श्रीनगर के एमआर गंज पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है. दोनों संदिग्धों से पूछताछ करके मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज! कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट; सतर्क रहने की अपील
