जनसुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया हेड देवपालिक गुप्ता की संदिग्ध मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक़ वह ट्रैन से अचानक लापता हो गए, जिसके बाद खोजबीन करने पर उनका शव ट्रैक के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
बिहार की जनसुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया हेड देवपालिक गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छोटे भाई के अचानक लापता होने की खबर मिलने के बाद बड़ा भाई तारकेश्वर गुप्ता उसे खोजने के लिए झारखंड पहुंचा. रेलवे पुलिस के साथ उन्होंने करीब 17 किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल तलाश की. काफी खोजबीन के बाद देवपालिक का शव झाड़ियों में मिला. उनके सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं. फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है.
ट्रेन से अचानक लापता हुआ व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक़ कुशीनगर जिले के दुदही ब्लॉक के गोड़रिया गांव के रहने वाले देवपालिक गुप्ता 25 अक्टूबर को रांची में दो अन्य लोगों के साथ प्रेस क्लब में रुके थे. अगले दिन वह अपने साथियों के साथ जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना के लिए रवाना हुए. इसी दौरान वह ट्रेन से अचानक लापता हो गए. साथियों ने इसकी जानकारी उनके बड़े भाई तारकेश्वर गुप्ता को फोन पर दी. इसके बाद देवपालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था.
झाड़ियों से बरामद हुआ शव
देवपालिक के बड़े भाई के मुताबिक, रांची पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी और आरपीएफ की मदद से भाई की तलाश शुरू की. इस दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 17 किलोमीटर तक पैदल खोजबीन की गई. परिवार को उम्मीद थी कि देवपालिक कहीं मिल जाएंगे, लेकिन तलाश का अंत बेहद दुखद रहा. जानकारी के मुताबिक़ रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में उनका शव मिला.
घर में सबसे छोटे थे देवपालिक
जानकारी के मुताबिक़ देवपालिक अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे. उनकी शुरुआती पढ़ाई कुशीनगर में हुई थी. इसके बाद वह बीटेक की पढ़ाई के लिए नोएडा गए और साल 2018 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसी दौरान वह मीडिया से जुड़े. कोविड के बाद वर्ष 2024 में वह प्रशांत किशोर की आई-पैक टीम से जुड़े. बाद में जनसुराज पार्टी के गठन के बाद उन्हें डिजिटल मीडिया हेड की जिम्मेदारी मिली.
