कानपुर में पेशाब करने से रोकने पर एक कारोबारी को बेरहमी से पीटा गया. घटना के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह घटना CCTV में भी कैद हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के ओम चौराहे पर सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर 4 युवकों ने 47 साल के एक कारोबारी अमित कुमार पर हमला कर दिया. आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने अमित को घेरकर ईंट-पत्थरों से पीटा. गंभीर रूप से घायल अमित की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है.
पेशाब करने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक नवीन नगर निवासी अमित कुमार प्रेम एड एजेंसी चलाते थे. शनिवार रात लगभग 11 बजे वह अपना ऑफिस बंद करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान ओम चौराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे. इनमें से एक युवक सड़क पर पेशाब कर रहा था. अमित ने उसे ऐसा करने से रोका, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया.
लगातार पीटते रहे आरोपी
जानकारी के मुताबिक अमित के रोकने पर युवक और उसके 3 साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. चारों ने अमित को घेर लिया और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने अमित को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए. इसके बाद लोग पीछे हट गए. इसके बाद भी आरोपी अमित को लगातार पीटते रहे.
CCTV में कैद हुई घटना
CCTV फुटेज में चार युवक अमित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में आरोपियों द्वारा ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है. हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पास के अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है. काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि घटना से संबंधित CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
