कानपुर के चकेरी इलाके में एक 3 साल का बच्चा घर के पास बने वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया. आज से हमें बच्चे की मौत हो गई घटना के बाद परिवार को बुरा हाल है. हादसे के करीब 3 घंटे बाद पुलिस प्रशासन पीड़ित के घर पहुंचा.
कानपुर के चकेरी इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. इसमें एक तीन साल के मासूम की जान चली गई. जानकारी के मुताबिक़ सनिगवां के बंबा इलाके में घर के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा निहाल अचानक लापता हो गया. परिजन उसे आसपास की गलियों और मोहल्ले में तलाशते रहे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक उसका कोई पता नहीं चला. बाद में मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि निहाल पास में स्थित एक वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया है. परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घर के पास बने टैंक में गिरा
जानकारी के मुताबिक, सनिगवां के बंबा इलाके में रहने वाले मोहम्मद रफीक मजदूरी करके अपना परिवार चलाते हैं. उनके परिवार में पत्नी सहाना और तीन बेटे गुफरान, कुर्बान और निहाल थे. निहाल तीनों भाइयों में सबसे छोटा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे निहाल अपने घर से लगभग 30 मीटर दूर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह पास में बने वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया. बताया जा रहा कि टैंक करीब पांच फीट गहरा था.
डेढ़ घंटे बाद बच्चों ने दी जानकारी
बताया जा रहा है कि निहाल के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए. उन्होंने आसपास की गलियों और मोहल्ले में उसकी तलाश शुरू कर दी. परिजन लगातार बच्चे को खोजते रहे, लेकिन उन्हें उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस बीच, निहाल के साथ खेल रहे बच्चों ने भी शुरुआत में परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी. शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ले के कुछ बच्चों ने परिवार को बताया कि निहाल वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया है.
3 घंटे बाद पहुँची पुलिस
जानकारी मिलने ही परिवार और स्थानीय लोगों ने मिलकर निहाल को टैंक से बाहर निकाला. परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोग बच्चे को वापस घर ले आए. घटना के करीब तीन घंटे बाद, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. हालांकि परिजनों ने फिलहाल कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया. उन्होंने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया.
