कासगंज के नगला भूरा गांव में एक भीषण विस्फोट हुआ है. इस घटना में मकान का लेंटर और दीवारें ढह गईं. बताया जा रहा है कि हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके चार भाई-बहन घायल हो गए. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताए की हादसे के पीछे की जांच की जा रही है.
उत्तर प्रदेश के कासगंज के नगला भूरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक भीषण विस्फोट हो गया. इस विस्फोट में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए. बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि मकान का लेंटर और दीवारें ढह गईं. घटनास्थल पर दो फायर सिलेंडर मिलने के बाद विस्फोट की वजह को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस इसे गैस सिलेंडर फटने से हुआ हादसा बता रही है, जबकि पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट होने की आशंका भी जताई जा रही है. फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
धमाके के बाद ढह गया मकान
जानकारी के मुताबिक़ शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे नगला भूरा गांव में एक मकान में विस्फोट होने और उसका हिस्सा ढहने की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद थाना कासगंज की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. बताया जा रहा कि शीलेंद्र सिंह का बेटा प्रियांशु (14) घर में खाना बना रहा था. इसी दौरान अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट इतना भीषण था कि मकान का लेंटर और दीवारें गिर गईं. प्रियांशु मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
मौके से 2 फायर सिलेंडर बरामद
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घटनास्थल से दो फायर सिलेंडर मिले है. इसके बाद विस्फोट की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. एक ओर पुलिस गैस सिलेंडर फटने को हादसे की वजह बता रही है, वहीं दूसरी ओर मकान में पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट होने की आशंका भी जताई जा रही है.
किशोर की मौत और भाई बहन घायल
परिजनों के मुताबिक, शीलेंद्र सिंह और कविता के पांच बच्चे हैं. इनमें उपासना, प्रियांशु , खुशबू, विवेक और भावना शामिल है. इस हादसे में प्रियांशु की मौत हो गई, जबकि उसके चार अन्य भाई-बहन घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की जानकारी मिलने पर ASP आलोक सिंह, सीओ सदर आंचल चौहान, फायर ब्रिगेड की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मलबे से किशोर का शव निकलवाया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
