कटिहार जिले में NH-31 पर खतरनाक गड्ढे की सरकारी अनदेखी से दुर्घटना हो गई. इस घटना के बाद, स्थानीय युवाओं ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया. युवाओं ने आपस में मिलकर चंदा इकट्ठा किया और गड्ढे की मरम्मत कर दी.
बिहार में कटिहार जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. जिले के कुरसेला में सरकारी व्यवस्था की अनदेखी के बीच स्थानीय युवाओं ने मिसाल पेश की है. यहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर करीब एक महीने से सड़क के बीचों-बीच बना बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए लगातार खतरा बना हुआ था. शिकायतों के बावजूद जब सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो स्थानीय युवाओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया. युवाओं ने आपस में चंदा जुटाया, निर्माण सामग्री का इंतजाम किया और सड़क के गड्ढे को भर दिया.
2 दिन पहले हुआ हादसा
बताया जाता है कि NH-31 पर कुरसेला बस्ती के पास सड़क के बीच बने इस गड्ढे की वजह से दो दिन पहले एक युवक की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए पूर्णिया ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि संबंधित विभाग तत्काल सड़क की मरम्मत कराएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
युवाओं ने इकट्ठा किया चंदा
इस घटना के बाद कुरसेला के युवाओं ने खुद सड़क की मरम्मत करने का फैसला कर लिया. किसी युवक ने सीमेंट की व्यवस्था की तो किसी ने बालू और गिट्टी का इंतजाम किया. युवाओं ने आपस में चंदा जुटाया और सड़क पर उतरकर गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया. फिलहाल गड्ढा भर जाने से राहगीरों को कुछ राहत मिली है.
कई बार हो चुके हादसे
स्थानीय युवा संजय, मुकेश और मोहम्मद तनवीर ने बताया कि कुरसेला से गेड़ाबाड़ी तक NH-31 की स्थिति कई जगहों पर खराब है. सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण बाइक सवारों समेत दूसरे वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा बना हुआ है. उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं और लोग घायल हुए हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से स्थायी मरम्मत के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई.
हादसे का नहीं कर सकते इंतजार
इस मामले में युवाओं ने कहा कि सड़क की मरम्मत करना उनकी जिम्मेदारी नहीं है, लेकिन किसी और बड़े हादसे का इंतजार भी नहीं किया जा सकता था. इसके कारण उन्होंने अपनी ओर से चंदा जुटाया और गड्ढे को भरने का काम किया. इस पहल में संजय कुमार, प्रमोद कुमार, बंटी कुमार, मुकेश कुमार, भरत यादव, रामचंद्र यादव, गोलू शर्मा समेत कई युवाओं ने सहयोग किया.
