कौशाम्बी में महिला सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मंझनपुर कोतवाली स्थित महिला थाना परिसर में ड्यूटी के दौरान उनकी सरकारी बंदूक से अचानक गोली चल गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में महिला थाने में तैनात महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला सिपाही की गोली लगने से मौत हुई. घटना मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महिला थाना परिसर में हुई. मृतका की पहचान 2025 बैच की महिला सिपाही प्रियंका यादव के रूप में की गई है. प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और कौशाम्बी महिला थाने में तैनात थीं.
सरकारी बंदूक से चली गोली
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह लगभग 10:30 बजे महिला सिपाही थाना परिसर में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं. इसी दौरान उनकी सरकारी बंदूक से अचानक गोली चल गई. गोली उनके गले को चीरते हुए सिर में जा लगी, जिसके बाद महिला मौके पर ही गिर गईं. गोली की आवाज सुनकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे.
अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकार
गोली लगने के बाद घायल प्रियंका को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए. पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सिंह और क्षेत्राधिकारी मंझनपुर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर बंदूक से गोली किन परिस्थितियों में चली. मौके से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि महिला थाना में तैनात महिला सिपाही को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी थी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं. उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
फॉरेनसिक टीम कर रही जांच
पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत के मुताबिक जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे थे. पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि प्रियंका की बंदूक से अचानक गोली चल गई. हालांकि गोली किस तरह चली और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसका पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा.
