केसी वेणुगोपाल ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधना है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी नाराजगी जताई है. उन्होंने इस दौरान कहा कि पूरा प्रचार केवल कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित करने पर केंद्रित होना चाहिए. जिम्मेदारियों से बढ़कर कोई भूमिका दिखाता हो, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने पंजाब में चल रहे कलह को लेकर बयान दिया है. उन्होंने चंडीगढ़ के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर अब किसी एक व्यक्ति पर केंद्रित प्रचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पंजाब कांग्रेस नेतृत्व को सख्त लहजे में स्पष्ट संदेश दिया है.
मुख्यमंत्री पद के रूप में न देखें
आपको बता दे कि इस दौरान के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पूरा प्रचार केवल कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित करने पर केंद्रित होना चाहिए. किसी भी नेता को खुद को मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार या पंजाब कांग्रेस के मुख्य चेहरे के रूप में पेश करने की परमिशन नहीं है. उन्होंने इस दौरान कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व को सामने रखकर लड़े जाएंगे.
ख़ुद को न दिखाए बड़ा
चंडीगढ़ में बैठक के दौरान उन्होंने इसके अलावा कहा कि किसी नेता द्वारा किया जाने वाला ऐसा कोई भी प्रचार, जिसमें वह खुद को पार्टी द्वारा दी गई आधिकारिक जिम्मेदारियों से बढ़कर कोई भूमिका दिखाता हो, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अब से, पंजाब कांग्रेस के भीतर किसी भी तरह के अनुशासनहीनता या पार्टी के खिलाफ अंदरूनी साजिश को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले किसी भी नेता के खिलाफ पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी.
वडिंग समर्थकों पर दिखाई नाराजगी
बताया जा रहा है कि केसी वेणुगोपाल ने रविवार शाम चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई एक घटना पर भी नाराजगी जताई, जहां अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की थी. पंजाब कांग्रेस के नेताओं को सलाह दी गई है कि वे भविष्य में इस तरह से अपनी ताकत दिखाने से बचें.
मौजूदा सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और इस विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीत हासिल करेगी. इस दौरान, वेणुगोपाल ने पंजाब की मौजूदा ‘आप’ सरकार को कानून-व्यवस्था और नशीले पदार्थों की समस्या को लेकर घेरा. मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का बचाव करते हुए, उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी एक वैचारिक हमला था, न कि कोई व्यक्तिगत हमला.
