CJI सूर्यकांत के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में बिना शर्त माफी मांगी है. सनी जोसेफ ने बताया कि इस पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को उसके पद से हटा दिया गया है. साथ ही उस व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने का निर्देश दिया है.
कांग्रेस पार्टी की केरल इकाई के सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के बारे में एक आपत्तिजनक पोस्ट सामने आई थी. यह पोस्ट सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया था. अब इस मामले में पार्टी के केरल प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बिना शर्त माफी मांगी है. सुप्रीम कोर्ट के वकील मिनेश दुबे द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब देते हुए, सनी जोसेफ ने बताया कि इस पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को उसके पद से हटा दिया गया है और उसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश दिया गया है.
अपमानजनक भाषा का किया इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक़ इस मामले में जोसेफ ने खुद भी बिना शर्त माफी मांगी है. आपको बता दे कि केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट पर CJI के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था और एक पोस्ट में उनसे इस्तीफे की मांग की गई थी, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया था. अब हाईकमान से फटकार पड़ने पर केरल कांग्रेस ने पोस्ट को डिलीट कर दिया था. हालांकि बाद में बीजेपी ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था.
KIIFB के कामकाज की होगी जांच
आपको बता दे इस बीच, केरल में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीसन ने मंगलवार को कहा कि केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) के कामकाज में अनियमितताओं की जांच की जाएगी। इसमें भूमि अधिग्रहण, कर्ज लेने और खर्च से जुड़े मामले शामिल होंगे. राज्य विधानसभा में पूरक मांगों पर चर्चा के दौरान, सतीसन ने बताया कि KIIFB पर बनी एक विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट ने इसके कामकाज और इससे राज्य पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं.
विपक्ष ने दी चेतावनी
विपक्ष के नेता ने चेतावनी दी कि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ओर से KIIFB के कामकाज का विस्तृत ऑडिट कराए जाने पर कुछ लोगों को जेल भी हो सकती है. सतीसन ने आरोप लगाया कि KIIFB ने वित्त विभाग और अन्य सरकारी निगरानी तंत्रों को दरकिनार करते हुए एक स्वायत्त इकाई के रूप में काम किया. उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड ने ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लिया, जिससे राज्य की वित्तीय देनदारियां काफी बढ़ गईं.
