बिहार के खगड़िया में अंधविश्वास का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां सांप के काटने से एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई. हालांकि परिजन उसे जिंदा करने की आस में 20 घंटे से अधिक समय तक झाड़-फूंक कराते रहे. तांत्रिक बाबाओं के चक्कर में फंसकर परिजनों से उनका बेटा छिन गया.
बिहार में खगड़िया जिले में एक हैरान कर देने वाले मामला सामने आया है. जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के शर्मा टोला में अंधविश्वास की एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां सर्पदंश से 10 साल के एक बच्चे की मौत के बाद उसके परिजन उसे जिंदा करने की उम्मीद में 20 घंटे से अधिक समय तक शव को घर में रखकर झाड़-फूंक कराते रहे. जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान सिद्धार्थ कुमार के रूप में की गई है.
झाड़-फूंक में बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई. इस दौरान सिद्धार्थ गांव के मंदिर के पास खेल रहा था और उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया. समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन उसे स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक और नीर-भस्म पिलाने के चक्कर में उलझ गए. जब बच्चे की हालत बिगड़ने लगी, तो उसे मजबूरी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता ले जाया गया.
समय पर नहीं मिला इलाज
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विनय कुमार ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जब शाम करीब साढ़े छह बजे परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में सर्पदंश के इलाज के लिए एंटीवेनम पूरी तरह उपलब्ध था और अगर बच्चे को समय पर अस्पताल लाया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी.
तांत्रिक के चक्कर में फंसे
बच्चे के मृत घोषित होने के बावजूद परिजन हकीकत स्वीकार करने को तैयार नहीं हुए. वह इसके बाद शव को रहीमपुर स्थित भगवती मंदिर ले गए, यहां पूरी रात झाड़-फूंक का दौर चला. इसके बाद वे शव को घर ले आए और कोलकाता तथा कटिहार से तांत्रिक बाबाओं के आने का इंतजार करने लगे. परिजन फोन पर लगातार बाबाओं के संपर्क में रहकर निर्देश लेते रहे और शव का अंतिम संस्कार या पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया.
पुलिस ने समझाया
इस मामले की सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, समेत कई लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों के काफी समझाने के बाद परिजनों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण समझा आया. इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया.
