खंडवा में प्रेम विवाह के बाद एक युवती को उसके परिजन जबरदस्ती उठा ले गए. इस दौरान उन्होंने युवक के साथ मारपीट भी की. जानकारी के मुताबिक़ युवक और युवती ने प्रेम विवाह किया था जिससे परिजन नाराज थे.
मध्य प्रदेश के खंडवा से एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां प्रेम विवाह के बाद युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और युवक के साथ मारपीट करने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना महादेवगढ़ मंदिर में शादी के बाद मालीकुआं क्षेत्र की है. युवक तेजपाल राजपूत ने युवती के परिजनों पर मारपीट और अपहरण का आरोप लगाया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं. युवक ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दी है.
चुपचाप कर ली शादी
जानकारी के अनुसार, खंडवा निवासी तेजपाल राजपूत और तंजीम मंसूरी एक-दूसरे को पिछले पांच वर्षों से जानते हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. युवक का कहना है कि दोनों ने अपनी सहमति के बाद साथ रहने का फैसला किया था. इसके लिए इंदौर न्यायालय में लिव-इन रिलेशनशिप से संबंधित दस्तावेज भी तैयार कराए गए थे. बताया गया कि सोमवार को दोनों ने खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में सुबह करीब 11 बजे शादी कर ली. इसके बाद वे दोनों विवाह से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने के लिए मालीकुआं क्षेत्र में एक नोटरी के पास पहुंचे थे.
जबरन ले गए परिजन
घटना के बाद तेजपाल का आरोप है कि कागजी कार्रवाई के दौरान युवती के परिजन वहां पहुंच गए. उन्होंने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घसीटते हुए कार की ओर ले गए. इसके बाद युवती को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए. घटना के सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग युवक को खींचते हुए नजर आ रहे हैं.
युवक ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद तेजपाल हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के साथ सिटी कोतवाली थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई. उसने युवती को वापस लाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ मारपीट और अपहरण के आरोप में कार्रवाई करने की मांग की है. युवक ने अपने आवेदन के साथ लिव-इन से जुड़े दस्तावेज, शपथ-पत्र और विवाह के फोटो-वीडियो की प्रतियां भी देने की बात कही है.
