झारखंड के कोडरमा में लोकल ट्रेन में अचानक चलते चलते आग लग गई. ट्रेन की लास्ट बोगी में आग लेन की घटना सामने आई. हालांकि इस घटना में किसी तरह की जानहानि नहीं हुई है. मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
झारखंड के कोडरमा में लोकल पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है ट्रेन कोडरमा-बरकाकाना रूट पर जा रही थी, तभी यात्रियों ने जलने की गंध महसूस की. कुछ ही देर में ट्रेन की आखिरी बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की. जिसके बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया.
दिव्यांग के लिए आरक्षित थी बोगी
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. जिस बोगी में आग लगी थी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित थी और घटना के समय उसमें कोई यात्री सवार नहीं था. हालांकि ट्रेन की बाकी बोगियों में यात्री मौजूद थे. स्टेशन परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और पानी की पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई.
ट्रेन से अलग की बोगी
जानकारी के मुताबिक पैसेंजर ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों को अचानक कुछ जलने की गंध आई. इसके बाद यात्रियों ने ट्रेन की अंतिम बोगी की तरफ देखा, जहां से धुआं निकल रहा था. यात्रियों ने तुरंत हुई इसकी जानकारी रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों को दी. आग की सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन की आखिरी बोगी को बाकी कोच से अलग कर दिया. इसके बाद स्टेशन परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और पानी की पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई
प्रशासन ने शुरू की जांच
दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और बोगी को पूरी तरह सुरक्षित किया. इस दौरान रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मची रही. बताया जा रहा है कि यह लोकल पैसेंजर ट्रेन सिधवार-बरकाकाना, हजारीबाग टाउन होते हुए कोडरमा-मधुपुर रूट पर चलती है. घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
कारण नहीं हुआ स्पष्ट
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रेन की अंतिम बोगी में आग किस वजह से लगी. रेलवे की टीम बोगी का निरीक्षण कर रही है और आग लगने के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती स्तर पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से तो आग नहीं लगी.
