Lucknow Fire tragedy: लखनऊ में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड में शहर के दो युवकों की मौत हुई है. एक गोविंदनगर के संयम और दूसरे बर्रा के सूरजभान शामिल हैं. आग जिस बिल्डिंग में लगी है, दोनों उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्रीडी आर्टिस्ट थे. युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मोहल्ले के लोग और दोस्त जानकारी मिलते ही लखनऊ पहुंचे. वहीं लोग परिवार को सांत्वना देते रहे.
संयम के मामा ने कहा, घर आना था उसे
गोविंदनगर 11 ब्लाक के रहने वाले थ्री-डी आर्टिस्ट संयम विज (28) तीन साल से एनिमेशन स्टूडियो में काम कररहे थे. घटना का पता चलते ही परिजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए। देर रात तक संयम के घर के बाहर मोहल्ले और रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही. हर किसी की आंखों के आगे सिर्फ संयम का चेहरा घूम रहा था. संयम के मामा सौरभ ने बताया कि संयम हर शुक्रवार को कानपुर आकर सोमवार को लौट जाता था. करीब 16 दिन पहले संयम की दादी का निधन हो गया था. मंगलवार को उनका सत्रहवां है. इस कारण संयम इस बार शुक्रवार को नहीं आया. उसे मंगलवार को आना था.
बर्रा निवासी सूरजभान की भी मौत
आग की चपेट में आकर बर्रा-सात के सूरजभान (22) की भी मौत हो गई है. जिस बिल्डिंग में आग लगी है सूरज उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्री डी आर्टिस्ट थे. सूरजभान के पिता शिवराज का निधन हो चुका है. हालांकि सोमवार देर रात तक सूरज की मां मीरा को घटना के बारे में नहीं बताया गया. परिवार के कुछ करीबी सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना भी हो गए हैं. सूरज के शव का पोस्टमार्टम सोमवार देर रात हो गया. परिजन शव लेकर घर के लिए निकल गए.
15 लोगों की मौत
सोमवार दोपहर करीब दो बजे लखनऊ स्थित कोचिंग सेंटर आग की भीषण लपटों से घिर गया था। इसमें करीब 15 की मौत हुई है, जबकि झुलस कर और कूदने के प्रयास में कई युवक गंभीर हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर मौत बनकर दौड़ा ट्रक, सड़क खड़े लोगों को कुचला, बच्ची समेत दो की मौत
