लखनऊ में किसान पथ पर फॉर्मेलिन से भरा एक टैंकर पलट गया. जानकारी के मुताबिक़ घटना के बाद केमिकल की बदबू से करीब 2 किलोमीटर तक लोगों को आंखों में जलन हुई. इस घटना के बाद पुलिस ने हाईवे बंद कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीमों ने मोर्चा संभाला.
लखनऊ के बीकेटी इलाके में किसान पथ पर फॉर्मेलिन केमिकल से भरा एक टैंकर पलट गया. टैंकर से निकल रही तेज बदबू के कारण करीब 2 किलोमीटर के दायरे में लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हुई. हादसे के बाद हाईवे पर यातायात रोक दिया गया. पुलिस, फायर ब्रिगेड और NHAI की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात संभालने में जुट गईं. सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित सड़क को डेंजर जोन घोषित कर वाहनों की आवाजाही बंद कराई गई.
टायर फटने से पलट गया टैंकर
जानकारी के मुताबिक, हादसा बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में किसान पथ पर हुआ. बताया जस रहा है कि फॉर्मेलिन केमिकल से भरा टैंकर लखनऊ से बाराबंकी की तरफ जा रहा था. इसी दौरान अचानक टैंकर का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया. टैंकर पलटते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने सड़क पर लगाई यातायात में रोक
आपको बता दे कि टैंकर में भरे केमिकल की तेज गंध के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. करीब दो किलोमीटर तक के इलाके में आंखों में जलन की शिकायत सामने आई. अचानक बदबू फैलने और लोगों को हो रही परेशानी के बाद पुलिस को सूचना दी गई. जिसके बाद प्रशासन ने सड़क पर यातायात रोकने का फैसला किया.
मौके पर पहुंची टीमें
घटना की सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और NHAI की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी और वाहनों को आगे जाने से रोक दिया. जानकारी के मुताबिक़ अब इस सड़क पर आ रहे वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है, ताकि लोग केमिकल के संपर्क में आने से बच सकें.
वाहन चालकों को हो रही परेशानी
हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आउटर रिंग रोड के प्रभावित हिस्से को डेंजर जोन घोषित कर रास्ता बंद कर दिया गया. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के मुताबिक़ मौके पर मौजूद टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क को सुरक्षित बनाने की व्यवस्था बनायी है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे घटनास्थल के आसपास जाने से बचें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
