लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में एक किशोरी ने छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि एक महीने पहले भी युवती से छेड़छाड़ हुई थी. परिजनों ने पड़ोसियों पर उत्पीड़न और पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है. यहां कक्षा 11 में पढ़ने वाली 14 साल की किशोरी ने छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक़ सोमवार दोपहर किशोरी का शव घर के अंदर बांस के सहारे फंदे पर लटका मिला. घटना के समय वह घर में अकेली थी, उसके माता-पिता बैंक गए हुए थे. किशोरी के पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक और उसके परिवार पर बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है.
एक महीने पहले हुई थी छेड़छाड़
परिजनों के मुताबिक, किशोरी स्कूल से लौटते समय छेड़छाड़ का शिकार हुई थी. करीब एक महीने पहले पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसकी साइकिल रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की थी. बताया जा रहा है कि किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी थी. आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी युवक और उसके परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था.
पीछा करता था युवक
जानकारी के मुताबिक़ इसके बाद परिवार ने किशोरी को अकेले स्कूल भेजना बंद कर दिया और दूसरी छात्राओं के साथ ई-रिक्शा से स्कूल भेजने की व्यवस्था की. हालांकि, पिता का आरोप है कि इसके बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार पीछा करने, छेड़छाड़ करने लगा. बताया जा रहा है कि सोमवार को करीब दोपहर 12 बजे पिता रामलखन अपनी पत्नी के साथ बैंक से घर लौटे तो बेटी को घर के अंदर बांस के सहारे चुनरी से बने फंदे पर लटका पाया.
कार्रवाई नहीं करने के लगाए आरोप
मृतका के पिता का आरोप है कि उन्होंने 20 मई को विपक्षियों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की शिकायत चौकी कसमंडी में दी थी. इसके बाद भी 13 अक्टूबर को बेटी से छेड़छाड़ की तहरीर दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई. पिता के मुताबिक, 24 अक्टूबर को उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बावजूद आरोपी पक्ष की प्रताड़ना जारी रही.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में जानकारी देते हुए अतिरिक्त थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की गई थी. शिकायत के निस्तारण के दौरान पीड़ित पक्ष और आरोपी के बीच सुलह-समझौता हुआ था. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी. फिलहाल किशोरी की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस अब छेड़छाड़, मारपीट और शिकायतों के निस्तारण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
