लखनऊ में युवक ने विवाद को लेकर अपनी माँ की हत्या कर दी. जिसके बाद उसे ख़ुद ही पुलिस को फ़ोन करके बुलाया मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट में 1 अक्टूबर 2026 की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी ही 42 वर्षीया मां की हत्या कर दी. इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड के पीछे सिर्फ गुस्सा नहीं, बल्कि पिछले 5-6 सालों से जारी एक गहरी मानसिक उलझन, जेंडर आइडेंटिटी और परिवार का बिखराव छुपा हुआ था.
ख़ुद को समझता था लड़की
पिता के मुताबिक उनका बेटा पिछले 5 से 6 सालों से गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा था. इस दौरान उसमें एक बड़ा बदलाव आया. वो मानसिक रूप से खुद को लड़की समझने लगा था. बेटे की इस मानसिक स्थिति को सुधारने के लिए परिजनों ने लखनऊ के प्रसिद्ध नूर मंजिल और केजीएमयू (मेडिकल कॉलेज) सहित कई मानसिक रोग विशेषज्ञों के पास उसका लंबा इलाज कराया. पिता के पास बेटे के दिमागी इलाज से जुड़े तमाम मेडिकल पर्चे और दस्तावेज मौजूद हैं. हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बाद भी समय के साथ उसकी बीमारी और व्यवहार में आक्रामकता बढ़ती ही चली गई.
किराए पर रहता था आरोपी
बेटे के अनियंत्रित व्यवहार को देखते हुए करीब 4 महीने पहले उसे घर से थोड़ी दूरी पर एक अलग किराए का कमरा दिलवाया गया था. बेटे के रहने, खाने और इलाज का पूरा खर्चा पिता राकेश ही उठा रहे थे. अलग रहने के बावजूद वो अक्सर अपनी मां से मिलने की जिद करता था. गुरुवार को भी मां से मिलने की जिद पर उसे विजन अपार्टमेंट स्थित घर लाया गया था.
पुलिस को ख़ुद किया फ़ोन
जब वह घर पहुंचा तो किसी बात को लेकर मां सरिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि नाबालिग आपा खो बैठा. उसने पास में ही रखी लोहे की भारी रेंज उठाई और मां के सिर पर वार कर दिया.
हत्या करने के तुरंत बाद आरोपी नाबालिग के सिर से खून सवार होने का भूत उतरा. उसने घबराने के बजाय खुद अपने मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम को फोन मिलाया और कहा- “मैंने अपनी मां की हत्या कर दी है, आ जाइए.” सूचना मिलते ही नाका थाना पुलिस टीम और उच्चाधिकारी तत्काल विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 पहुंचे. पुलिस ने मौके पर खून से लथपथ महिला का शव देखा और पास ही खड़े नाबालिग बेटे को तुरंत पुलिस हिरासत में ले लिया.
