लखनऊ के ब्राह्मण टोला में हुए हत्याकांड के मामले में पुलिस ने रविवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है. महिला की पहचान दिव्या शुक्ला के रूप में हुई है. अब इस घटना में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सादातगंज थाना क्षेत्र में ब्राह्मण टोला में हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में, पुलिस ने रविवार को एक महिला को गिरफ्तार किया. इस गिरफ्तारी के साथ, मामले में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है. जानकारी के मुताबिक महिला की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
आठ लोग हो चुके गिरफ्तार
आपको बता दें कि लखनऊ के सादातगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला में कार पार्किंग और एक चबूतरे को लेकर हुए विवाद के कारण यह घटना हुई थी. पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान दिव्या शुक्ला (32) के रूप में हुई है. यह घटना कार पार्किंग और एक चबूतरे को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी. पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर को सादातगंज थाना क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या के मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था.
कुराहा चौराहे से किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि दिव्या मूल रूप से नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला की रहने वाली है और फिलहाल लखनऊ के दुबग्गा में यूनिटी डिग्री कॉलेज के पास, बरावन कला रोड पर स्थित कैलाश एस्टेट में रह रही है. उसे दुबग्गा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईआईएम रोड पर कुराहा चौराहे से गिरफ्तार किया गया.
कार पार्किंग में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक ब्राह्मणी टोला में कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद के बाद, मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला ने शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी को गोली मार दी, जिससे तीनों की मौत हो गई. आपको बता दें कि शिवाजी तिवारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पदाधिकारी थे और लखनऊ में ‘जिला सह-कार्यवाह’ के पद पर कार्यरत थे.
